FIFA विश्व कप की मेजबानी से कतर को क्या फायदा होगा?
क्या है खबर?
फुटबॉल का विश्व कप आगामी 20 नवंबर से शुरू हो रहा है। यह विश्व की सबसे लोकप्रिय खेल प्रतियोगिता है। विश्व भर के तमाम देशों के बीच होने वाले ओलंपिक खेल भी फुटबॉल के विश्व कप जितने लोकप्रिय नहीं हैं।
इस बार कतर इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए तैयार है। यह इतिहास का सबसे महंगा विश्व कप होने जा रहा है।
ऐसे में इस मेजबानी से कतर को पहुंचने वाले फायदे और नुकसान पर नजर डालते हैं।
FIFA विश्व कप 2022
इतिहास का सबसे महंगा विश्व कप
कतर में होने वाले विश्व कप में कतर ने कुल 22,000 करोड़ अमेरिकी डॉलर (लगभग 18 लाख करोड़ रुपये) खर्च किए हैं। ये फुटबॉल इतिहास का अब तक का सबसे महंगा विश्व कप होगा।
इससे पहले ब्राजील में 2014 में खेला गया विश्व कप सबसे महंगा था, जिसमें 15,000 करोड़ अमेरिकी डॉलर खर्च हुए थे।
वहीं रूस में खेले गए पिछले संस्करण में 11,600 करोड़ अमेरिकी डॉलर खर्च हुए थे।
टैक्स
मेजबान देश को नहीं पहुंचेगा टैक्स का फायदा
विश्व कप को देखने आए पर्यटक FIFA के पार्टनर ब्रांड से टिकट, मर्चेंडाइज, खाने-पीने की चीजें या कुछ और सामान खरीदते हैं तो भी इससे मेजबान देश के टैक्स में बढ़ोतरी नहीं होगी, क्योंकि FIFA और उसके प्रायोजक ब्रांड्स के लिए टैक्स में भारी छूट दी जाती है।
अल-जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, जर्मनी ने 2006 विश्व कप की मेजबानी के लिए अपनी बोली प्रकिया में 27.20 करोड़ डॉलर के टैक्स की छूट दी थी।
जानकारी
क्या विजेता टीमों को इनामी राशि भी कतर देगा?
इस सवाल का जवाब है, नहीं। FIFA इस बार के विश्व कप के खर्चे के लिए कतर को 1,700 करोड़ डॉलर (लगभग 13,900 करोड़ रुपये) दे रहा है, जिसमें 44 करोड़ डॉलर (लगभग 3,600 करोड़ रुपये) टीमों को मिलने वाली इनामी राशि भी शामिल है।
मेजबानी
मेजबानी से पैसा कमा पाएगा कतर?
विश्व कप की मेजबानी करने वाले अधिकांश देश तैयारियों, बुनियादी ढांचे के विकास, होटल बनाने आदि पर कई अरबों रुपये खर्च करते हैं। इसमें से अधिकतर की भरपाई अक्सर नहीं हो पाती है, कम से कम हार्ड कैश के मामले में तो नहीं।
ऐसे में कतर, जिसने इस बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी में पैसा पानी की तरह बहाया है, यह सम्भव ही नहीं है कि उसे सीधे तौर पर बड़ा आर्थिक फायदा पहुंचेगा।
फायदे
फिर मेजबानी से कतर को क्या फायदा होगा?
एक रिपोर्ट के अनुसार, आगामी विश्व कप को पांच अरब से अधिक लोगों के देखने की उम्मीद है। वहीं 10 लाख से अधिक लोग सीधे कतर मैच देखने पहुंचेंगे।
विश्व कप की सफल मेजबानी के चलते कतर खुद को विश्व मानचित्र में दर्ज करवा पाएगा।
ऐसे में पर्यटन के लिहाज से देश को फायदा पहुंचने की प्रबल संभावना है।
वहीं इस समय बनने वाली सड़क, परिवहन, होटल और अन्य व्यवस्थाओं से देश को भविष्य में फायदा पहुंच सकता है।
FIFA का फायदा
FIFA को कैसा होता है फायदा?
रूस में 2018 विश्व कप के टीवी अधिकार प्रसारकों को लगभग 4,600 करोड़ अमेरिकी डॉलर (लगभग 37,500 करोड़ रुपये) में बेचा गया थे। यह सब फुटबॉल की शीर्ष संस्था FIFA के खाते में गए थे।
इनके अलावा पिछले चक्र में मार्केटिंग अधिकार 100 करोड़ डॉलर से अधिक में बिके थे और यह भी FIFA के खाते में ही गए थे। हालांकि, शीर्ष संस्था ने मेजबान देश के कई खर्चों की भरपाई भी की थी।