Page Loader
वनडे विश्व कप के इतिहास की 5 सबसे बड़ी साझेदारी पर एक नजर 
क्रिस गेल वनडे विश्व कप में दोहरा शतक भी लगा चुके हैं (तस्वीर: एक्स/ @ICC)

वनडे विश्व कप के इतिहास की 5 सबसे बड़ी साझेदारी पर एक नजर 

Sep 28, 2023
08:00 am

क्या है खबर?

वनडे विश्व कप 2023 का आगाज 5 अक्टूबर से होने वाला है। साल 2011 के बाद पहली बार भारत में क्रिकेट के सबसे बड़े टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। विश्व कप में 10 टीमें हिस्सा लेने वाली हैं। सभी टीम इसके लिए जमकर तैयारी भी कर रही हैं। आखिरी बार विश्व कप साल 2019 में खेला गया था, जिसे इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने अपने नाम किया था। आइए विश्व कप की 5 सबसे बड़ी साझेदारी बताते हैं।

#1

मार्लन सैमुअल्स- क्रिस गेल 

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के मार्लन सैमुअल्स और क्रिस गेल के नाम विश्व कप में सबसे बड़ी साझेदारी बनाने का रिकॉर्ड है। उन्होंने साल 2015 के विश्व कप में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे विकेट के लिए 372 रन जोड़ दिए थे। गेल ने उस मुकाबले में 147 गेंद में 215 रन की पारी खेली थी। सैमुअल्स के बल्ले से 156 गेंद में 133 रन निकले थे। उस मैच को वेस्टइंडीज ने 73 रन से अपने नाम किया था।

#2

सौरव गांगुली-राहुल द्रविड़ 

भारतीय क्रिकेट टीम के 2 पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 1999 के विश्व कप में 318 रन जोड़ दिए थे। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए ये साझेदारी निभाई थी। गांगुली ने मैच में 158 गेंद का सामना किया था और 183 रन बनाए थे। द्रविड़ के बल्ले से 129 गेंद में 145 रन निकले थे। भारतीय टीम को उस मैच में 157 रन से जीत मिली थी।

#3

उपुल थरंगा- तिलकरत्ने दिलशान 

श्रीलंका क्रिकेट टीम के उपुल थरंगा और तिलकरत्ने दिलशान ने साल 2011 के विश्व कप में पहले विकेट के लिए 282 रन जोड़ दिए थे। उन्होंने यह कारनामा जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ किया था। थरंगा ने 141 गेंद का सामना किया था और 133 रन की पारी खेली थी। दिलशान के बल्ले से 131 गेंद में 144 रन निकले थे। उस मैच को श्रीलंका की टीम ने 139 रन से अपने नाम किया था।

#4

स्टीव स्मिथ-डेविड वार्नर 

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज डेविड वार्नर और स्टीव स्मिथ ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2015 के विश्व कप में दूसरे विकेट के लिए 260 रन जोड़ दिए थे। वार्नर ने उस मैच में 133 गेंद का सामना किया था और 178 रन की पारी खेली थी। स्मिथ ने उस मुकाबले में 98 गेंद का सामना किया था और 95 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया ने उस मैच को 275 रन से जीता था।

#5

डेविड मिलर-जेपी डुमनी

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के डेविड मिलर और जेपी डुमनी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ साल 2015 के विश्व कप में 5वें विकेट के लिए 256 रन जोड़ दिए थे। मिलर ने 92 गेंद का सामना किया था और 138 रन बनाए थे। डुमनी के बल्ले से 100 गेंद में 115 रन निकले थे। टीम ने 62 रन से वह मुकाबला जीता था। जिम्बाब्वे की टीम ने दूसरी पारी में 277 रन बना दिए थे।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस 

ऑस्ट्रेलिया विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा 7 फाइनल मुकाबले खेल चुकी है। उन्होंने साल 1975 के विश्व कप में पहली बार और आखिरी बार 2015 का विश्व कप फाइनल खेला था। टीम सबसे ज्यादा 5 बार खिताब भी अपने नाम कर चुकी है।