Page Loader
पीटी उषा IOA की पहली महिला अध्यक्ष बनीं, जानिए उनका उपलब्धियों भरा करियर
IOA की पहली महिला अध्यक्ष बनीं उषा तस्वीर (ट्विटर/@PTUshaOfficial)

पीटी उषा IOA की पहली महिला अध्यक्ष बनीं, जानिए उनका उपलब्धियों भरा करियर

Nov 29, 2022
10:37 am

क्या है खबर?

पूर्व भारतीय दिग्गज एथलीट पीटी उषा को भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के अध्यक्ष के रूप में चुना गया है। ट्रैक एंड फील्ड में भारत का नाम रोशन कर चुकीं 58 वर्षीय उषा ने बीते रविवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था, इसी का नतीजा है कि उन्हें निर्विरोध नया अध्यक्ष चुना गया है। वह इतिहास रचते हुए IOA की पहली महिला अध्यक्ष बन गई हैं। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

उपलब्धि

IOA अध्यक्ष बनने वाली पहली ओलंपियन बनी उषा

IOA के अब तक इतिहास में उषा अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने वाली पहली ओलंपियन बन गई हैं। इसके साथ ही वह महाराजा यादविंदर सिंह के बाद IAO की मुखिया बनने वाली सिर्फ दूसरी खिलाड़ी बनी हैं। बता दें पूर्व क्रिकेटर यादविंदर साल 1934 में भारत की ओर से एक टेस्ट मैच खेल चुके हैं और 1938 में IOA के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

करियर

उपलब्धियों से भरा रहा है पीटी उषा का करियर

उषा को 'पय्योली एक्सप्रेस' के नाम से भी जाना जाता है। उन्हें भारत के अब तक के सर्वश्रेष्ठ ट्रैक एंड फील्ड एथलीट्स में से एक माना जाता है। उन्होंने 1982 के एशियाई खेलों में 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता था। पदम श्री विजेता ने 1986 के एशियाई खेलों में चार स्वर्ण और एक रजत पदक के साथ अपना दबदबा बनाया था और अब IOA की पहली महिला अध्यक्ष बनकर कीर्तिमान स्थापित किया है।

ओलंपिक

जब ओलंपिक पदक से चूक गई थी उषा

उषा 1980 में ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली सबसे कम उम्र की धाविका बनीं थी। लॉस एंजिल्स 1984 ओलंपिक में वह सेकंड के सौवें हिस्से से पदक से चूक गईं थी। 400 मीटर बाधा दौड़ के फाइनल में उषा और रोमानिया की क्रिस्टियाना कोजोकारू ने लगभग एक ही समय में फिनिश लाइन पार की थी। हालांकि, क्रिस्टियाना को उनसे बेहतर माना गया था और उषा ओलंपिक के कांस्य पदक से चूक गई थी।

एशियाई खेल

एशियाई खेलों में रहा है दबदबा

उषा का एशियाई खेलों में शानदार रिकॉर्ड है। 1986 के सियोल एशियाई खेलों में उन्होंने चार स्वर्ण पदक (200 मीटर, 400 मीटर, 400 मीटर बाधा दौड़ और 4x400 मीटर) और एक रजत (100 मीटर) जीते थे। उन्होंने चारों दौड़ों को नये एशियाई रिकॉर्ड के साथ पूरा किया था। उषा ने 1983 से 1998 तक एशियाई चैंपियनशिप में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर बाधा दौड़, 4x100 मीटर रिले और 4x400 मीटर रिले में कुल 23 पदक (14 स्वर्ण) जीते।

स्वर्ण पदक

एकल ट्रेक मीट में जीते रिकॉर्ड पांच स्वर्ण पदक

उषा के नाम एकल ट्रैक मीट में महिला एथलीट द्वारा सर्वाधिक स्वर्ण पदक जीतने का विश्व रिकॉर्ड है। उन्होंने 1985 में जकार्ता में एशियन ट्रैक एंड फील्ड मीट में पांच स्वर्ण पदक जीतकर यह उपलब्धि हासिल की थी। उन्होंने 11.64 सेकेंड में 100 मीटर, 23.05 सेकेंड में 200 मीटर, 52.62 सेकेंड में 400 मीटर, 56.64 सेकेंड में 400 मीटर बाधा दौड़। इनके अलावा उन्होंने 4x400 मीटर रिले में भी स्वर्ण हासिल किया था।