LOADING...
नीरज चोपड़ा ने रचा नया इतिहास, डायमंड लीग फाइनल जीतने वाले पहले भारतीय बने
नीरज बने डायमंड लीग चैंपियन (तस्वीर: ट्विटर/@ddsportschannel)

नीरज चोपड़ा ने रचा नया इतिहास, डायमंड लीग फाइनल जीतने वाले पहले भारतीय बने

Sep 09, 2022
08:46 am

क्या है खबर?

टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने बीते गुरुवार को डायमंड लीग का खिताब जीतकर नया इतिहास लिख दिया है। उन्होंने स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में 88.44 मीटर के थ्रो के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। हर प्रतियोगिता के साथ नया कीर्तिमान स्थापित करने वाले नीरज अब डायमंड लीग का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

प्रदर्शन

ऐसा रहा नीरज का प्रदर्शन

नीरज की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में फाउल किया। हालांकि, उन्होंने दूसरे प्रयास में 88.44 मीटर का थ्रो किया, जो निर्णायक साबित हुआ। नीरज ने अपने अगले थ्रो में 88.00 मीटर को छुआ। इसके बाद नीरज ने अपने चौथे प्रयास में 86.11 मीटर और पांचवे प्रयास में 87.00 मीटर थ्रो किया। उन्होंने आखिरी प्रयास में 83.60 मीटर की थ्रो के बाद इस मुकाबले का समापन किया।

जानकारी

दूसरे स्थान पर रहे जैकब वाडलेज

चेक गणराज्य के ओलंपिक रजत पदक विजेता जैकब वाडलेज 86.94 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने अपने चौथे प्रयास में सर्वश्रेष्ठ थ्रो दर्ज किया। जर्मनी के जूलियन वेबर 83.73 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

Advertisement

डायमंड लीग

तीसरी बार डायमंड लीग के फाइनल में खेले नीरज

नीरज ने पिछले महीने लुसाने में खेली गई डायमंड लीग मीट में शीर्ष स्थान हासिल करके फाइनल में जगह बनाई थी। उन्होंने तब 89.08 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ पहला स्थान हासिल किया था। डायमंड लीग फाइनल में नीरज की यह तीसरी उपस्थिति थी। इससे पहले वह 2017 में सातवें स्थान पर रहे थे। इसके बाद उन्होंने अपने प्रदर्शन में और सुधार किया और 2018 में चौथे स्थान पर रहे थे।

Advertisement

पदक

ओलंपिक समेत हर बड़ी प्रतियोगिता में नीरज ने जीते हैं पदक

नीरज ने इस साल जुलाई में वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में इतिहास रचते हुए रजत पदक जीता था। उन्होंने 88.13 मीटर के थ्रो के साथ दूसरा स्थान हासिल कर लिया था। इस टूर्नामेंट के दौरान ही चोटिल हो गए थे और बर्मिंघम में खेले गए राष्ट्रमंडल खेल में हिस्सा नहीं ले सके थे। इसके बड़े पदक के अलावा नीरज टोक्यो ओलंपिक, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।

Advertisement