Page Loader
नीरज चोपड़ा ने फिर तोड़ा अपना नेशनल रिकॉर्ड, लेकिन गोल्ड से चूके
90 मीटर से चूके नीरज

नीरज चोपड़ा ने फिर तोड़ा अपना नेशनल रिकॉर्ड, लेकिन गोल्ड से चूके

Jul 01, 2022
11:04 am

क्या है खबर?

भारतीय ओलंपिक पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने स्टॉकहोम में आयोजित हो रही डायमंड लीग प्रतियोगिता में अपना नेशनल रिकॉर्ड तोड़ दिया है। उन्होंने 89.94 मीटर के थ्रो के साथ लगभग पिछले 15 दिनों में दूसरी बार अपने नेशनल रिकॉर्ड में सुधार किया है। अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास के बावजूद भी नीरज को इस प्रतियोगिता में रजत पदक से संतोष करना पड़ा है। आइए इस खबर को विस्तार से जानते हैं।

प्रदर्शन

अपनी पहली कोशिश में 90 मीटर के करीब से चूके नीरज

24 वर्षीय नीरज ने अपने पहले प्रयास में ही लगभग 90 मीटर (89.94) का थ्रो करके जबरदस्त शुरुआत की। इसके बाद उनका अगला थ्रो 84.37 मीटर का रहा। अच्छी लय में नजर आ रहे नीरज ने अपने अगले चार थ्रो क्रमशः 87.46, 84.77, 86.67 और 86.84 मीटर के किए। विश्व चैंपियन और सीजन लीडर ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स ने 90.31 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ प्रतियोगिता जीती, जिसे उन्होंने अपने तीसरे प्रयास में हासिल किया।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

इससे पहले 14 जून को फिनलैंड में हुए पावो नूरमी गेम्स में नीरज ने 89.30 मीटर थ्रो के साथ नया रिकॉर्ड बनाया था। अब उन्होंने इसको भी तोड़ दिया है। बता दें नीरज ने टोक्यो ओलंपिक में 87.58 मीटर थ्रो के साथ स्वर्ण जीता था।

पोजीशन

जूलियन वेबर ने जीता कांस्य

जर्मनी के जूलियन वेबर 89.08 मीटर के थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे। उन्होंने अपने पांचवें प्रयास में अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो फेंका। वहीं टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाले चेक गणराज्य के जैकब वाडलेज 88.59 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ चौथे स्थान पर रहे। एक अन्य चेक एथलीट और टोक्यो ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता विटेजस्लाव वेस्ली 82.57 मीटर के साथ सातवें स्थान पर रहे।

उपलब्धि

डायमंड लीग में टॉप थ्री में आने वाले दूसरे भारतीय बने नीरज

नीरज अब डायमंड लीग में टॉप थ्री में आने वाले भारत के सिर्फ दूसरे एथलीट बने हैं। बता दें डिस्कस थ्रोअर विकास गौड़ा उनसे पहले ये उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। 2014 के राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता गौड़ा अपने करियर में चार बार डायमंड लीग स्पर्धा में टॉप थ्री में रहे थे। वह 2012 (न्यूयॉर्क) और 2014 (दोहा) में दूसरे जबकि 2015 में शंघाई और यूजीन में तीसरे स्थान पर रहे थे।

ओलंपिक

ओलंपिक में व्यक्तिगत स्वर्ण जीतने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय हैं नीरज

टोक्यो की सफलता के साथ ही नीरज ने एथलेटिक्स में भारत के लिए पहला ओलंपिक स्वर्ण पदक हासिल किया था। नीरज ओलंपिक इतिहास में व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय बने थे। बता दें उनसे पहले सर्फ अभिनव बिंद्रा यह कारनामा कर चुके हैं। बिंद्रा ने बीजिंग ओलंपिक 2008 में निशानेबाजी में स्वर्ण पदक जीता था। भारत के पास अब ओलंपिक इतिहास में कुल 10 स्वर्ण पदक हो गए हैं।