Page Loader
वनडे विश्व कप 2023: सेमीफाइनल तक कैसा रहा है भारतीय क्रिकेट टीम का सफर? जानिए आंकड़े
अब तक भारत ने जीते हैं अपने सभी 9 मैच (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

वनडे विश्व कप 2023: सेमीफाइनल तक कैसा रहा है भारतीय क्रिकेट टीम का सफर? जानिए आंकड़े

Nov 13, 2023
12:09 pm

क्या है खबर?

वनडे विश्व कप 2023 अब अपने अंतिम चरण पर पहुंच चुका है। लीग चरण के भारतीय क्रिकेट टीम ने अपने सभी 9 मैच जीतते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। मेजबान टीम अब पहले सेमीफाइनल मुकाबले में 15 नवंबर को न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भिड़ेगी। आइए रोहित शर्मा के नेतृत्व वाली भारतीय टीम के अब तक के बेमिसाल सफर पर एक नजर डालते हैं।

प्रदर्शन

शान से सेमीफाइनल में पहुंचा है भारत 

भारत ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ 6 विकेट से जीत दर्ज करते हुए अपने अभियान की जोरदार शुरुआत की। अपने दूसरे मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ 8 विकेट से आसान जीत दर्ज की। इसके बाद भारत ने चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान और बांग्लादेश के खिलाफ 7 विकेट से जीत दर्ज की। न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर भारत ने अपना अभियान जारी रखा। आखिर में इंग्लैंड, श्रीलंका, दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड भी क्रमशः भारत का विजय रथ नहीं रोक सके।

जानकारी

भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ अपना वर्चस्व बरकरार रखा 

भारत ने अहमदाबाद में खेले गए मैच में पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया। भारत ने जीत के लिए मिले 192 रनों के लक्ष्य को 30.3 ओवर में हासिल किया। यह भारत के खिलाफ पाकिस्तान की वनडे विश्व कप में लगातार 8वीं हार थी।

बल्लेबाजी

इन भारतीय बल्लेबाजों ने बनाए सर्वाधिक रन 

मौजूदा विश्व कप में विराट कोहली फिलहाल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 9 पारियों में 99 की औसत और 88.52 की स्ट्राइक रेट के साथ 594 रन बना लिए हैं। रोहित ने 55.88 की औसत और 121.49 की स्ट्राइक रेट के साथ 503 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 3 अर्धशतक भी शामिल है। श्रेयस अय्यर 70.16 की औसत से 421 रन बना चुके हैं। वह भी 1 शतक लगा चुके हैं।

गेंदबाजी

इन गेंदबाजों ने लिए हैं सर्वाधिक विकेट 

इस विश्व कप में भारत से सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज फिलहाल जसप्रीत बुमराह हैं। उन्होंने 9 मैचों में 15.64 की औसत और 3.65 की इकॉनमी रेट के साथ 17 विकेट लिए हैं। मोहम्मद शमी ने महज 5 मैचों में 9.56 की अविश्वसनीय औसत और 4.78 की इकॉनमी रेट के साथ 16 विकेट ले लिए हैं। रविंद्र जडेजा ने 18.25 की औसत और 3.97 की इकॉनमी से 16 ही विकेट लिए हैं। कुलदीप यादव 14 विकेट ले चुके हैं।

जानकारी

विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक विकेट वाले भारतीय बने शमी 

शमी ने श्रीलंका के खिलाफ मैच में 5 विकेट लिए और इस दौरान वह विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक विकेट (47) वाले भारतीय गेंदबाज बने। उन्होंने जहीर खान (44) और जवागल श्रीनाथ (44) को पीछे छोड़ा।

विश्व कप

विश्व कप इतिहास में कैसा रहा है भारत का प्रदर्शन?

वनडे विश्व कप के इतिहास में भारत ने अब तक कुल 93 मैच खेले, जिसमें से 62 में उन्हें जीत और 29 में हार का सामना करना पड़ा। इनके अलावा 1 मैच टाई भी रहा। कपिल देव की कप्तानी में 1983 में भारत पहली बार विश्व विजेता बना था। लम्बे अंतराल के बाद 2011 में महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में भारत ने दूसरी बार खिताब जीता। इसके अलावा भारत 1 बार (2003 में) उपविजेता भी रहा है।

पोल

वनडे विश्व कप 2023 में भारत का कौन सा पक्ष ज्यादा मजबूत रहा है?