Page Loader
इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान: जॉनी बेयरस्टो ने लगाया इस विश्व कप में दूसरा अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
जॉनी बेयरस्टो ने लगाया अर्धशतक (तस्वीर: एक्स/@englandcricket)

इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान: जॉनी बेयरस्टो ने लगाया इस विश्व कप में दूसरा अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े

Nov 11, 2023
03:55 pm

क्या है खबर?

वनडे विश्व कप 2023 के 44वें मुकाबले में शनिवार को इंग्लैंड क्रिकेट टीम सलामी बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने आखिरी लीग मैच में उन्होंने 7 चौकों और 1 छक्के की मदद से 61 गेंदों पर 59 रन बनाए। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 96.72 की रही। यह मौजूदा विश्व कप में उनका दूसरा और वनडे करियर का 17वां अर्धशतक है। इस प्रारूप में उन्होंने 11 शतक भी लगाए हैं।

प्रदर्शन

टूर्नामेंट में बेयरस्टो का प्रदर्शन

टूर्नामेंट में बेयरस्टो का प्रदर्शन औसत रहा है। पहले मैच में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ उन्होंने 33 रन बनाए थे। इसके बाद उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ 52, अफगानिस्तान के खिलाफ 2, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 10 और श्रीलंका के खिलाफ 30 रन बनाए थे। इसी तरह बेयरस्टो ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ 14, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 0 और नीदरलैंड के खिलाफ पिछले मैच में महज 15 रन की पारी खेली थी।

प्रदर्शन

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बेयरस्टो का प्रदर्शन

बेयरस्टो ने इंग्लैंड के लिए अब तक 107 वनडे मैच खेले हैं। इसकी 98 पारियों में इस खिलाड़ी ने 8 बार नाबाद रहते हुए 3,868 रन बनाए हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 141 रन रहा है। वनडे क्रिकेट में उन्होंने 102.93 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। इसके अलावा उन्होंने 95 टेस्ट की 168 पारियों में 5,804 रन और 70 टी-20 अंतरराष्ट्रीय की 64 पारियों में 137.58 की स्ट्राइक रेट से 1,512 रन जड़े हैं।