Page Loader
दक्षिण अफ्रीका बनाम भारत, पहला वनडे: बोलैंड पार्क के दिलचस्प आंकड़ों पर एक नजर
बोलैंड पार्क में 19 जनवरी को पहला वनडे खेला जाएगा

दक्षिण अफ्रीका बनाम भारत, पहला वनडे: बोलैंड पार्क के दिलचस्प आंकड़ों पर एक नजर

Jan 18, 2022
08:18 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के दूसरे चक्र के अंतर्गत खेली गई टेस्ट सीरीज में 1-2 से हार मिली थी। अब मेहमान टीम केएल राहुल की कप्तानी में 19 जनवरी (बुधवार) से शुरू हो रही वनडे सीरीज में खेलेगी। तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच बोलैंड पार्क में खेला जाएगा। इस मैदान के दिलचस्प आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

प्रदर्शन

बोलैंड पार्क में ऐसा रहा है भारत और दक्षिण अफ्रीका का प्रदर्शन

भारत और दक्षिण अफ्रीका वनडे में इस स्थान पर कभी नहीं भिड़े हैं। भारत ने यहां तीन वनडे मैच खेले हैं, दो बार जीते हैं (2001 में केन्या के खिलाफ और 2003 में नीदरलैंड के खिलाफ) जबकि एक मैच टाई (1997 में जिम्बाब्वे के खिलाफ) में समाप्त हुआ है। दक्षिण अफ्रीका ने यहां सात मैच खेले हैं और उनमें से छह में जीत हासिल की है। दिसंबर 2020 में दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच एक वनडे रद्द हुआ था।

टीम स्कोर

दक्षिण अफ्रीका ने बनाया है सर्वोच्च टीम स्कोर

2017 में बांग्लादेश के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका ने इस मैदान पर अपना सर्वोच्च स्कोर (353/6) बनाया था। इस स्थान पर दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भारत के नाम है, जिन्होंने 2001 में केन्या के खिलाफ 351/3 का स्कोर बनाया था। बोलैंड पार्क में अगले दो बड़े स्कोर दक्षिण अफ्रीका (301/8 बनाम श्रीलंका 2012 और 291/7 बनाम ऑस्ट्रेलिया 2020) ने ही बनाए हैं। कनाडा (36) और श्रीलंका (43) ने सबसे कम टीम स्कोर दर्ज किए हैं।

बल्लेबाजी

एबी डीविलियर्स ने बनाए हैं सर्वाधिक रन

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज एबी डीविलियर्स इस मैदान पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने तीन मैचों में 78.33 की औसत से 235 रन बनाए हैं, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर 176 रहा है। उनके बाद हाशिम अमला हैं, जिन्होंने 70.00 की औसत से 210 रन बनाए हैं। इस सूची में अन्य खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर (204), हेनरिक क्लासेन (182), जैक्स कैलिस (172) और सौरव गांगुली (157) हैं।

गेंदबाजी

कुंबले और फेहलुकवायो ने लिए हैं सर्वाधिक विकेट

भारत के अनिल कुंबले और दक्षिण अफ्रीका के एंडिले फेहलुकवायो यहां सात-सात विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। इनके बाद पाकिस्तान के वसीम अकरम और नीदरलैंड के टीबीएम डी लीडे ने छह-छह विकेट लिए हैं। जिम्बाब्वे के एड्डो ब्रैंड्स, श्रीलंका के लसिथ मलिंगा, दक्षिण अफ्रीका के एलएस सोतसोबे, भारत के जवागल श्रीनाथ और दक्षिण अफ्रीका के इमरान ताहिर ने बोलैंड पार्क में पांच-पांच विकेट लिए हैं।

साझेदारी

सचिन और गांगुली ने इस मैदान पर की सबसे बड़ी साझेदारी

तेंदुलकर और सौरव गांगुली के नाम बोलैंड पार्क पर सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड है। दोनों ने 2001 में केन्या के खिलाफ भारत की बल्लेबाजी की शुरुआत करते हुए 258 रन जोड़े थे। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर और हेनरिक क्लासेन हैं। दोनों प्रोटियाज बल्लेबाजों ने यहां 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचवें विकेट के लिए 149 रन जोड़े थे। अमला और कैलिस ने श्रीलंका (2012) के खिलाफ 144 रन जोड़े हैं।