टोक्यो ओलंपिक: दीपिका कुमारी रैंकिंग राउंड में नौवें स्थान पर रहीं, कोरियाई सान ने बनाया रिकॉर्ड
क्या है खबर?
टोक्यो ओलंपिक में भारत की स्टार तीरंदाज दीपिका कुमारी ने शुक्रवार को महिला रैंकिंग राउंड में 663 अंक हासिल किए और नौवें स्थान पर रही।
वहीं दीपिका का अगला मुकाबला (राउंड ऑफ 64) भूटान की कर्मा से होगा जिन्होंने आज अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 616 अंक जुटाए हैं।
इस बीच कोरिया की आन सान ने रैंकिंग राउंड में 680 अंक जुटाकर ओलंपिक में नया रिकॉर्ड स्थापित किया है।
प्रदर्शन
पहले हाफ के बाद चौथे स्थान पर रही थी दीपिका
उद्घाटन समारोह से कुछ घंटे पहले, दीपिका ने टोक्यो खेलों में भारत के अभियान की शुरुआत कर दी है। विश्व नंबर एक तीरंदाज दीपिका ने पहले हाफ में 334 और दूसरे हाफ में 329 के स्कोर किए।
वह पहले हाफ के बाद चौथे स्थान पर थी और उनसे आगे आन (345), एक अन्य कोरियाई मिन्ही जंग (339) और USA के मैकेंजी ब्राउन (336) थी। हालांकि, दूसरे राउंड की समाप्ति तक वह नौवें पायदान पर खिसक गई।
जानकारी
रियो ओलंपिक में रैंकिंग राउंड में 20वें स्थान पर रही थी दीपिका
महिला व्यक्तिगत रिकर्व इवेंट के पहले दौर (राउंड ऑफ 64) में दीपिका अब भूटान की कर्मा से 27 जुलाई को भिड़ेंगी। विशेष रूप से दीपिका रियो ओलंपिक में रैंकिंग राउंड में 20वें और लंदन खेलों में आठवें स्थान पर रही थीं।
रिकॉर्ड
कोरिया की आन सान ने बनाया ओलंपिक रिकॉर्ड
टॉप थ्री पोजिशन पर कोरियाई तीरंदाजों का दबदबा रहा। कोरिया की आन सान ने 680 अंक जुटाकर ओलंपिक में नया रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने लीना हेरासिमेंको का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने अटलांटा ओलंपिक 1996 में 673 का स्कोर किया था।
दिलचस्प यह है कि रैंकिंग राउंड में टॉप-4 के सभी तीरंदाजों ने हेरासिमेंको के पिछले ओलंपिक रिकॉर्ड को पार किया।
रैंकिंग राउंड में जंग मिन्ही (677) दूसरे, कांग झी (675) तीसरे और मैक्सिको की वेलेंसिया (674) चौथे स्थान पर रहीं हैं।
मिश्रित टीम
मिश्रित टीम में कौन होगा दीपिका का जोड़ीदार?
दीपिका ने क्वालिफिकेशन राउंड के बाद शीर्ष-16 में जगह बनाई है। ऐसे में वह मिश्रित टीम के लिए योग्य हुई हैं।
दूसरी तरफ अतानु दास, प्रवीण जाधव और तरुण दीप रॉय इस समय पुरुषों के क्वालिफिकेशन राउंड में हिस्सा ले रहे हैं।
इन तीनों में से सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ फिनिशिंग करने वाले तीरंदाज के मिक्स्ड टीम इवेंट में दीपिका कुमारी के साथ जोड़ी बनाने की संभावना है।
क्वालिफिकेशन राउंड
ये है क्वालिफिकेशन राउंड का गणित
सभी तीरंदाज क्वालिफिकेशन राउंड में हिस्सा लेते हैं, जो कि 720 अंको का होता है। इस दौरान ओलंपिक रिकॉर्ड दांव पर होते हैं।
क्वालिफिकेशन राउंड में प्रदर्शन के आधार पर मिश्रित टीम इवेंट (प्रत्येक देश से शीर्ष पुरुष/महिला तीरंदाज), नियमित टीम इवेंट (तीन तीरंदाजों के संयुक्त स्कोर), साथ ही व्यक्तिगत इवेंट्स के लिए सीड निर्धारित होते हैं।
सभी तीरंदाज टीम इवेंट और व्यक्तिगत इवेंट नॉकआउट में आगे बढ़ेंगे, लेकिन केवल शीर्ष-16 ही मिश्रित टीम के लिए पहली जगह बना सकेंगे।