Page Loader
टोक्यो ओलंपिक: भारत को मिला छठा पदक, बजरंग पुनिया ने जीता कांस्य
बजरंग पुनिया ने जीता कांस्य पदक

टोक्यो ओलंपिक: भारत को मिला छठा पदक, बजरंग पुनिया ने जीता कांस्य

लेखन Neeraj Pandey
Aug 07, 2021
04:27 pm

क्या है खबर?

टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारतीय पहलवान बजरंग पुनिया ने कजाकिस्तान के दौलत नियाजबेकोव को हराते हुए कांस्य पदक जीत लिया है। बजरंग ने भारत को इस ओलंपिक में छठा पदक दिलाया है। बीते शुक्रवार को लगातार दो मुकाबले जीतने के बाद बजरंग को सेमीफाइनल में हार झेलनी पड़ी थी और उनके हाथ से स्वर्ण या रजत पदक जीतने का मौका निकल गया था। आइए जानते हैं पूरी खबर।

पहला हाफ

बजरंग ने की काफी आक्रामक शुरुआत

बजरंग ने कांस्य पदक वाले मुकाबले की शुरुआत काफी आक्रामक तरीके से की, लेकिन पहले डेढ़ मिनट तक वह कोई अंक हासिल नहीं कर सके। कजाकिस्तान के नियाजबेकोव द्वारा रक्षात्मक खेल दिखाने के कारण बजरंग को एक अंक दिया गया। पहला हाफ समाप्त होने से 12 सेकेंड पहले बजरंग ने अपने विपक्षी को मैट के बाहर भेजकर एक और अंक हासिल किया। पहले हाफ में वह 2-0 से आगे थे।

दूसरा हाफ

दूसरे हाफ में और प्रचंड रहे बजरंग

पहले हाफ में 2-0 से आगे होने के बाद बजरंग ने अपने विपक्षी को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया। उन्होंने शानदार दांव लगाते हुए दो अंक हासिल किए और बढ़त 4-0 कर ली। इसके बाद बजरंग ने दो बार और अच्छे दांव पर दो-दो अंक हासिल किए और मैच 8-0 से अपने नाम किया। ओलंपिक में कुश्ती से भारत की सबसे बड़ी उम्मीद माने जा रहे बजरंग ने भारत को निराश नहीं किया।

टोक्यो ओलंपिक

ऐसा रहा टोक्यो ओलंपिक में बजरंग का सफर

बजरंग ने टोक्यो ओलंपिक के अपने पहले मुकाबले में किर्गिस्तान के एर्नाजर आक्मतालिएव को 3-3 से हराया था। इसके बाद उन्होंने क्वार्टर फाइनल में इरान के मोर्तजा घासी के खिलाफ पिन फॉल से जीत हासिल की थी। सेमीफाइनल मुकाबले में उनसे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वह अजरबैजान के हाजी अलिएव के खिलाफ 5-12 के बड़े अंतर से हार गए। कांस्य पदक वाले मुकाबले में उन्होंने 8-0 की दमदार जीत हासिल की है।