Page Loader
बोइंग स्टारलाइनर से अगर अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी पर वापस आते तो क्या होता? नासा ने बताया
बोइंग स्टारलाइनर सकुशल पृथ्वी पर वापस लौट आया है (तस्वीर: बोइंग)

बोइंग स्टारलाइनर से अगर अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी पर वापस आते तो क्या होता? नासा ने बताया

Sep 10, 2024
01:13 pm

क्या है खबर?

बोइंग स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान करीब 3 महीने अंतरिक्ष में बिताने के बाद पिछले हफ्ते सकुशल पृथ्वी पर वापस लौट आया है। तकनीकी समस्या के कारण अंतरिक्ष एजेंसी नासा इस अंतरिक्ष यान को अंतरिक्ष यात्रियों के बगैर ही पृथ्वी पर वापस लाई है। तकनीकी समस्याओं के बावजूद स्टारलाइनर की बिना चालक दल की लैंडिंग उम्मीद के मुताबिक हुई। अंतरिक्ष यान ने ठीक उसी तरह लैंडिंग की जैसा नासा और बोइंग ने इसकी वापसी के लिए डिजाइन किया था।

परिणाम

क्या होता अगर अंतरिक्ष यात्री स्टारलाइनर में मौजूद होते?

नासा के वाणिज्यिक चालक दल कार्यक्रम के प्रबंधक स्टीव स्टिच ने लैंडिंग के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, "अगर हमारे पास अंतरिक्ष यान पर चालक दल होता, तो हम अंतरिक्ष स्टेशन से वापस आने के उसी क्रम का पालन करते, उसी डीऑर्बिट बर्न का पालन करते और उसी तरह प्रवेश करते और इसलिए चालक दल के साथ यह एक सुरक्षित, सफल लैंडिंग होती।" हालांकि, नासा कोई भी जोखिम नहीं लेना चाहती थी, इसलिए यान बगैर चालक दल भेजा गया।

वापसी

कब तक वापस आएंगे दोनों यात्री?

बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स ने 4 जून को स्टारलाइनर पर सवार होकर अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) के लिए उड़ान भरी थी। यह मिशन हफ्ते भर में ही खत्म होना था, लेकिन स्टारलाइनर में समस्या के वजह से दोनों अंतरिक्ष यात्री अभी तक ISS पर फंसे हुए हैं। नासा ने कहा है कि स्टारलाइनर मिशन के तहत ISS पर गए दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को फरवरी, 2025 तक स्पेस-X के क्रू ड्रैगन कैप्सूल से वापस लाया जाएगा।