
अब तक लॉन्च हो चुके सबसे महंगे अंतरिक्ष मिशन कौन-कौन हैं?
क्या है खबर?
सौरमंडल के रहस्यों को जानने के लिए मानव कई दशकों से प्रयास कर रहा है।
नासा और ISRO समेत दुनिया की कई अन्य अंतरिक्ष एजेंसियां इसके लिए खरबों रूपये के मिशन लॉन्च कर चुकी हैं। इन मिशनों का उद्देश्य पृथ्वी के अलावा सौरमंडल में मौजूद किसी अन्य ग्रह पर जीवन की तलाश और उनके बारे में जानकारी प्राप्त करना है।
आइए जानते हैं अब तक के कुछ सबसे महंगे अंतरिक्ष मिशन कौन से रहे हैं।
#1
अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन रहा सबसे महंगा मिशन
अब तक का सबसे महंगा अंतरिक्ष मिशन अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) रहा है।
इस पर करीब 150 अरब डॉलर (लगभग 12,600 अरब रुपये) से ज्यादा खर्च हुआ है। यह 1998 में शुरू हुआ था और आज भी काम कर रहा है। इसमें अमेरिका, रूस, जापान, कनाडा और यूरोप की एजेंसियों ने मिलकर हिस्सा लिया।
यह स्टेशन पृथ्वी की कक्षा में चक्कर लगाता है और वैज्ञानिक प्रयोगों के लिए इस्तेमाल होता है।
#2
अपोलो प्रोग्राम
नासा का अपोलो मिशन, जिसमें इंसान पहली बार चांद पर पहुंचा था, बहुत ही महंगा साबित हुआ।
इसकी कुल लागत करीब 25 अरब डॉलर (लगभग 2,100 अरब रुपये) थी, जो आज के समय में लगभग 257 अरब डॉलर (लगभग 21,000 अरब) मानी जाती है।
यह मिशन 1960 के दशक में शुरू हुआ और 1972 तक चला। इसके तहत कुल 17 मिशन भेजे गए और अपोलो 11 ने 1969 में पहली बार मानव को चांद की सतह पर उतारा था।
#3
स्पेस शटल प्रोग्राम
स्पेस शटल प्रोग्राम 1981 से 2011 तक चला और इसमें नासा ने कई बार स्पेस शटल्स के जरिए अंतरिक्ष में यात्राएं कीं।
इसका उद्देश्य सैटेलाइट तैनात करना, अंतरिक्ष स्टेशन बनाना और रिसर्च करना था। इस पूरे कार्यक्रम की कुल लागत 196 अरब डॉलर (लगभग 16,500 अरब रुपये) रही।
हालांकि, इस प्रोग्राम में 2 बड़े हादसे भी हुए, लेकिन यह तकनीकी रूप से बेहद महत्वाकांक्षी था और अंतरिक्ष इतिहास में इसका बड़ा योगदान रहा।
#4
गैलेलियो सैटेलाइट सिस्टम
गैलेलियो यूरोपीय यूनियन द्वारा शुरू किया गया एक ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम है, जो अमेरिका के GPS का विकल्प है।
यह पूरी तरह से नागरिक उपयोग के लिए बनाया गया है और इसकी लागत 10 अरब यूरो (लगभग 900 अरब रुपये) मानी जाती है।
यह सिस्टम 2016 से काम कर रहा है और अब यूरोप समेत कई देशों में इसका उपयोग हो रहा है। यह तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम है।
#5
जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप
जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप नासा का एक बड़ा और महंगा मिशन है, जिसे 2021 में लॉन्च किया गया था।
इस पर 10 अरब डॉलर (लगभग 842 अरब रुपये) खर्च हुए। यह टेलीस्कोप ब्रह्मांड की शुरुआत, आकाशगंगाओं और ग्रहों के बारे में गहरी जानकारी देने के लिए बनाया गया है।
यह हबल टेलीस्कोप से भी कहीं ज्यादा ताकतवर है और अब तक ब्रम्हांड की कई सारी अहम तस्वीरें भेज चुका है।