Page Loader
फौरन अपना ब्राउजर अपडेट करें गूगल क्रोम यूजर्स, गूगल ने दी चेतावनी
गूगल ने क्रोम ब्राउजर यूजर्स को चेतावनी दी है।

फौरन अपना ब्राउजर अपडेट करें गूगल क्रोम यूजर्स, गूगल ने दी चेतावनी

Aug 20, 2022
12:20 pm

क्या है खबर?

गूगल का इंटरनेट ब्राउजर गूगल क्रोम सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाने वाले ब्राउजर्स में शामिल है। बीते दिनों गूगल ने क्रोम ब्राउजर के वर्जन 104 में 27 सुरक्षा खामियां फिक्स की थीं और यूजर्स से इसे अपडेट करने को कहा था। एक बार फिर गूगल क्रोम में 11 सुरक्षा खामियां होने की बात सामने आई है, जिनके चलते यूजर्स को पैच इंस्टॉल करने की सलाह दी गई है। आपको फौरन गूगल क्रोम लेटेस्ट वर्जन पर अपडेट कर लेना चाहिए।

ब्लॉग

गूगल ने ब्लॉग पोस्ट में दी चेतावनी

सर्च इंजन कंपनी ने गूगल क्रोम को दिए गए नए अपडेट की जानकारी एक ब्लॉग पोस्ट के जरिए दी है। नया क्रोम वर्जन मैक यूजर्स के लिए 104.0.5112.101 और विंडोज यूजर्स के लिए 104.0.5112.102/101 है और ये वर्जन इंस्टॉल किए जाने के लिए उपलब्ध हैं। कंपनी ने बताया है कि जिन 11 सुरक्षा खामियों को फिक्स किया गया है, उनमें से एक को क्रिटिकल, छह को हाई-सीवियरिटी और तीन को मीडियम-सीवियरिटी लेबल दिया गया है।

खतरा

हैकर्स को मिल सकता था खामियों का फायदा

गूगल ने मौजूदा सुरक्षा खामियों से जुड़ी ज्यादा जानकारी नहीं दी है, जिससे इनका फायदा हैकर्स को ना मिल सके। कंपनी ने इतना जरूर कहा है कि इसे 'CVE-2022-2856 की मौजूदगी का पता था', जिसका फायदा अटैकर्स को मिल सकता था। इसका मतलब है कि ब्राउजर में मौजूद बग का फायदा उठाकर हैकर्स यूजर्स को नुकसान पहुंचाने की कोशिश में थे। ऐसा है तो यूजर्स के लिए उनका क्रोम ब्राउजर जल्द से जल्द अपडेट करना जरूरी हो जाता है।

तरीका

आप ऐसे अपडेट कर सकते हैं गूगल क्रोम ब्राउजर

गूगल क्रोम को लेटेस्ट वर्जन पर अपडेट करने के लिए यूजर्स को दाईं ओर सबसे ऊपर दिख रहे तीन डॉट्स पर क्लिक करना होगा। इसके बाद हेल्प सेक्शन में जाने के बाद 'अबाउट गूगल क्रोम' चुनना होगा। यहां आप ब्राउजर के लिए उपलब्ध लेटेस्ट वर्जन स्कैन कर सकेंगे और अपडेट इंस्टॉल होने के बाद ब्राउजर रीलॉन्च करना होगा। बता दें, इस प्रक्रिया में केवल चंद सेकेंड्स का वक्त लगता है, जिसके बाद आप ब्राउजिंग शुरू कर सकेंगे।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

गूगल क्रोम, मोजिला फायरफॉक्स और माइक्रोसॉफ्ट एज जैसे ब्राउजर्स में स्मार्ट अपडेट फीचर मिलता है और ये बैकग्राउंड में अपने आप लेटेस्ट वर्जन पर अपडेट हो जाते हैं। हालांकि, ऑटोमैटिक अपडेट में वक्त लग सकता है, इसलिए मैन्युअल अपडेट इंस्टॉल करना बेहतर होगा।

फीचर्स

गूगल क्रोम में शामिल किए गए नए फीचर्स

सर्च बार में किसी फोटो से जुड़ा सटीक कीवर्ड लिख पाना और उसे सर्च करना कई बार आसान नहीं होता। यूजर्स को इस परेशानी से बचाने के लिए ब्राउजर ने गूगल लेंस का क्रोम में इंटीग्रेशन कर दिया है। फोटो के किसी हिस्से में लिखा टेक्स्ट ट्रांसलेट करने का विकल्प भी यूजर्स को मिलेगा। क्रोम में एक नया 'प्रेजेंट' फीचर भी शामिल किया गया है, जिससे फुल-स्क्रीन मोड में जाकर किसी डॉक्यूमेंट को पढ़ना आसान हो जाएगा।