Page Loader
गगनयान मिशन इस साल के अंत तक किया जाएगा लॉन्च, ISRO प्रमुख ने दी जानकारी
ISRO इस साल के अंत तक लॉन्च करेगा गगनयान मिशन (तस्वीर: ISRO)

गगनयान मिशन इस साल के अंत तक किया जाएगा लॉन्च, ISRO प्रमुख ने दी जानकारी

Sep 20, 2024
02:17 pm

क्या है खबर?

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) भारत के पहले मानव अंतरिक्ष उड़ान वाले गगनयान मिशन को लॉन्च करने की योजना बना रहा। ISRO प्रमुख एस सोमनाथ ने आज (20 सितंबर) कहा है कि ISRO गगनयान मिशन को इस साल के अंत लॉन्च करने का प्रयास कर रहा है। सोमनाथ ने कर्नाटक के बेंगलुरु में स्पेस एक्सपो का दौरा करते हुए कहा, "गगनयान लॉन्च के लिए तैयार है, हम इसे इस साल के अंत तक लॉन्च करने की कोशिश कर रहे हैं।"

मिशन

क्या है गगनयान मिशन?

गगनयान मिशन के उद्देश्यों में अंतरिक्ष यात्रियों की टीम को पृथ्वी से लगभग 400 किलोमीटर ऊपर पृथ्वी की निचली कक्षा (LEO) में ले जाना और वहां 3 दिन समय बिताने के बाद उन्हें सुरक्षित पृथ्वी पर वापस लाना है। गगनयान मिशन के लिए जिन्हें चुना गया है, उनमें भारतीय वायु सेना के 4 परीक्षण पायलट प्रशांत नायर, अंगद प्रताप, अजीत कृष्णन और शुभांशु शुक्ला शामिल हैं। इस मिशन को हेवी-लिफ्ट लॉन्चर LVM-3 रॉकेट से लॉन्च किया जाएगा।

मिशन

इन मिशनों को भी लॉन्च करने वाला है ISRO 

गगनयान के अतिरिक्त ISRO आने वाले वर्षों में चंद्रयान-4, शुक्रयान-1, और मंगलयान 2 मिशन को लॉन्च करेगा, जिसको लेकर इसी हफ्ते केंद्र सरकार ने मंजूरी भी दी है। चंद्रयान-4 मिशन को ISRO 2027 में लॉन्च करेगा, जिसका उद्देश्य चंद्रमा की सतह से सैंपल लेना और उन्हें अध्ययन के लिए पृथ्वी पर वापस लाना होगा। शुक्रयान-1 मिशन को भी जल्द लॉन्च करने की योजना है, जो शुक्र ग्रह के वातावरण का अध्ययन करेगा। यह अपने साथ हाई-रेजोल्यूशन वाला रडार ले जाएगा।