Page Loader
चंद्रयान-3: ISRO के भविष्य के मिशनों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्या कहा?
ISRO अगले साल गगनयान मिशन को लॉन्च कर सकता है

चंद्रयान-3: ISRO के भविष्य के मिशनों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्या कहा?

Aug 23, 2023
07:10 pm

क्या है खबर?

चंद्रयान-3 ने चंद्रमा की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग कर ली है। इसके साथ ही भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ऐतिहासिक पल को देखने के लिए दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग शहर से वर्चुअल माध्यम से भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के मुख्यालय से जुड़े हुए थे। मिशन की सफलता पर उन्होंने देश को संबोधित करते हुए कहा कि यह देश के लिए गर्व का पल है।

मिशन

ISRO के भविष्य के मिशनों को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा ये

प्रधानमंत्री ने कहा, "चंद्रयान मिशन की उपलब्धि भारत की उड़ान को चंद्रमा की कक्षाओं से आगे ले जाएगी।" उन्होंने आगे कहा, "हमने भविष्य के लिए कई बड़े और महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किए हैं। जल्द ही सूर्य के विस्तृत अध्ययन के लिए ISRO आदित्य-L1 मिशन लॉन्च करने जा रहा है। इसके बाद शुक्र भी ISRO के लक्ष्य में से एक है। गगनयान के जरिए देश अपने पहले ह्यूमन स्पेस फ्लाइट मिशन के लिए भी पूरी तैयारी के साथ जुटा है।"

 गगनयान मिशन

गगनयान मिशन कब होगा लॉन्च?

ISRO ने हाल ही में गगनयान मिशन के लिए ड्रग पैराशूट डेप्लॉयमेंट टेस्ट किया है। भारतीय नौसेना और ISRO की टीम ने 20 जुलाई, 2023 को विशाखापट्टनम में गगनयान मिशन के लिए क्रू मॉड्यूल रिकवरी ट्रायल को सफलतापूर्वक पूरा किया था। ISRO गगनयान मिशन को 2024 के अंत तक लॉन्च कर सकता है। इस मिशन का उद्देश्य अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष तक सुरक्षित ले जाना और पृथ्वी पर वापस लाना है।