Page Loader
दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम 2025: अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा कौन हैं?
नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल को प्रवेश वर्मा ने हरा दिया है

दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम 2025: अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा कौन हैं?

लेखन आबिद खान
Feb 08, 2025
05:09 pm

क्या है खबर?

दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं, जिसमें भाजपा को जीत मिली है और वो 27 साल बाद राजधानी में सरकार बनाने जा रही है। आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ी शिकस्त मिली है और वो सिर्फ 22 सीटें जीत सकी हैं। AAP के कई बड़े नेता चुनाव हार गए हैं, जिसमें सबसे बड़ा नाम पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का है। उन्हें भाजपा के प्रवेश वर्मा ने हराया है। आइए प्रवेश के बारे में जानते हैं।

परिचय

कौन हैं प्रवेश वर्मा?

प्रवेश का जन्म 7 नवंबर, 1977 को दिल्ली में हुआ था। उन्होंने दिल्ली पब्लिक स्कूल, आरके पुरम से प्रारंभिक पढ़ाई और किरोड़ीमल कॉलेज से स्नातक किया। इसके बाद उन्होंने इंटरनेशनल बिजनेस में MBA की डिग्री ली। उनका परिवार राजनीति में सक्रिय रहा है। उनके पिता साहिब सिंह वर्मा दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे हैं। उनके चाचा आजाद सिंह ने उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर के रूप में काम किया है।

चुनाव

2013 में पहली बार लड़ा था चुनाव

प्रवेश ने 2013 में पहली बार राजनीति में एंट्री ली थी। तब उन्होंने महरौली सीट से AAP के नरेंद्र सिहं सेजवार को हराकर विधानसभा में कदम रखा था। अगले ही साल हुए लोकसभा चुनाव में वे पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से जीतकर सांसद बने। 2019 के लोकसभा चुनावों में भी उन्होंने कांग्रेस के महाबल मिश्रा को 5.78 लाख वोटों से हराकर रिकॉर्ड जीत हासिल की थी। वे संसद सदस्यों के वेतन और भत्ते पर संयुक्त समिति के सदस्य रहे हैं।

मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं प्रवेश

विधानसभा चुनावों से पहले प्रवेश ने 'केजरीवाल हटाओ, देश बचाओ' अभियान शुरू किया था। उन्होंने दिल्ली में झुग्गी-झोपड़ियों का दौरा करना भी शुरू किया था। प्रवेश ने चुनाव में यमुना पर साबरमती के समान रिवरफ्रंट बनाना, झुग्गीवासियों को घर देना, उन्हें बुनियादी ढांचा प्रदान करना, 50,000 सरकारी नौकरियां देना और राजधानी को प्रदूषण मुक्त बनाने जैसे कई वादे किए थे। प्रवेश मुख्यमंत्री पद की रेस में भी सबसे आगे हैं।

संपत्ति

प्रवेश के पास कितनी संपत्ति है?

चुनाव आयोग में दाखिल किए गए अपने हलफनामे में प्रवेश ने अपनी चल संपत्ति 77.89 करोड़ रुपये बताई है। वहीं, उनके पास 12.19 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। यानी उनके पास कुल 90 करोड़ रुपये की संपत्ति है। प्रवेश के पास 3 कारें हैं, जिसमें 36 लाख रुपए की टोयोटा इनोवा, 9 लाख की टोयोटा फॉर्च्यूनर और 11.77 लाख रुपए की महिन्द्रा XUV शामिल है। इसके साथ ही उनके पास 2.20 लाख रुपये की नगदी है।