Page Loader
दिल्ली: पिछले 7 चुनावों में केवल 39 महिलाएं जीतीं, 80 प्रतिशत की जमानत हो गई जब्त
दिल्ली विधानसभा में महिलाओं की संख्या काफी कम है

दिल्ली: पिछले 7 चुनावों में केवल 39 महिलाएं जीतीं, 80 प्रतिशत की जमानत हो गई जब्त

लेखन आबिद खान
Jan 18, 2025
06:24 pm

क्या है खबर?

दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा चुनावों के लिए मतदान होना है। सभी पार्टियां महिला मतदाताओं को रिझाने के लिए बड़े वादे कर रही हैं। पिछले कुछ सालों के आंकड़े बताते हैं कि मतदान में महिलाओं की भागीदारी भले बढ़ी है, लेकिन चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचने वाली महिलाओं की संख्या में कोई सुधार नहीं हुआ है। दिल्ली के चुनावी इतिहास में अभी तक महिला विधायकों की संख्या ने दहाई के आंकड़े को नहीं छुआ है।

मतदाताओं की संख्या

किस तरह बढ़ रही महिला मतदाताओं की संख्या?

न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक, 1998 से 2008 के बीच हुए 3 चुनावों में महिला मतदाताओं की संख्या 56 प्रतिशत या उससे कम थी। हालांकि, पिछले 2013, 2015 और 2020 के चुनावों में महिलाओं ने जमकर मतदान में हिस्सा लिया है और अब यह आंकड़ा 60 प्रतिशत को पार कर गया है। इसका मतलब है कि हर 100 महिलाओं में से 60 अपने मताधिकार का प्रयोग कर रही हैं।

जीत

1993 से अब तक के चुनाव में केवल 39 महिलाएं जीतीं 

1993 से अब तक दिल्ली में हुए 7 विधानसभा चुनावों में सिर्फ 39 महिलाएं ही जीत पाई हैं। 1998 के चुनावों में सबसे ज्यादा 9 महिलाएं विधायक बनी थीं। एक बार भी महिला विधायकों की संख्या ने दहाई का आंकड़ा नहीं छुआ है। 1993 से अब तक 491 महिलाओं ने विधानसभा चुनाव लड़ा, लेकिन इनमें से लगभग 80 प्रतिशत की जमानत जब्त हो गई। 2008 और 2013 में 3-3 महिलाओं को जीत मिली थी।

महिलाएं

इस बार कितनी महिलाएं चुनावी मैदान में हैं?

इस बार के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP), भाजपा और कांग्रेस तीनों ने 9-9 महिलाओं को टिकट दिया है। इस तरह इस बार के चुनावी दंगल में 27 महिलाएं किस्मत आजमा रही हैं। हालांकि, किसी भी सीट पर महिलाएं एक-दूसरे के आमने-सामने नहीं है। 2020 के विधानसभा चुनावों में 24 महिलाएं मैदान में थीं, जिनमें से 8 को जीत मिली थी। ये सभी AAP की प्रत्याशी थीं।

घोषणाएं

महिलाओं को कैसे साध रही हैं पार्टियां?

दिल्ली में 71 लाख महिला मतदाता हैं। इसकी अहमियत देखते हुए AAP, भाजपा और कांग्रेस तीनों ने महिलाओं को हर महीने निश्चित राशि देने का ऐलान किया है। हालिया हुए कुछ विधानसभा चुनावों में महिलाओं से जुड़ी योजनाओं ने पार्टी की जीत में अहम भूमिका निभाई है। यही वजह है कि दिल्ली की महिलाओं के लिए घोषणाओं की झड़ी लग गई है। 2020 चुनाव से पहले AAP ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा शुरू की थी।

मतदान

दिल्ली में एक ही चरण में होगा मतदान

दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में 5 फरवरी को मतदान होगा और 8 फरवरी को मतगणना की जाएगी। यहां AAP, भाजपा और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। चुनाव आयोग के मुताबिक, दिल्ली में कुल 1.55 करोड़ मतदाता है, जिनमें 8.49 लाख पुरुष, जबकि 71.74 लाख महिलाएं हैं। पिछले 2 चुनावों में यहां AAP ने बड़ी जीत दर्ज की है। 2020 में कांग्रेस का एक भी विधायक नहीं जीता था।