Page Loader
यमुना नदी विवाद: केजरीवाल को कोर्ट का नोटिस, मुख्यमंत्री सैनी ने पीया नदी का पानी 
दिल्ली में यमुना नदी के पानी को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है

यमुना नदी विवाद: केजरीवाल को कोर्ट का नोटिस, मुख्यमंत्री सैनी ने पीया नदी का पानी 

लेखन आबिद खान
Jan 29, 2025
08:45 pm

क्या है खबर?

दिल्ली में विधानसभा चुनाव से पहले यमुना नदी के पानी को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। हरियाणा की एक कोर्ट ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नोटिस जारी कर 17 फरवरी को पेश होने को कहा है। केजरीवाल ने यमुना नदी में जहर मिलाए जाने का दावा किया था। उनके इस बयान के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यमुना नदी का पानी पीया है।

बयान

क्या बोले थे केजरीवाल?

27 जनवरी को केजरीवाल ने कहा, "यमुना में हरियाणा से पानी दिल्ली में आता है। भाजपा की हरियाणा सरकार ने यमुना के पानी को जहरीला कर दिया है। भाजपा सरकार ने पानी में ऐसा जहर मिलाया है, जिसे जल उपचार संयंत्रों द्वारा भी साफ नहीं किया जा सकता है। दिल्ली में अफरा-तफरी मचाने के लिए ऐसा किया गया है, ताकि दिल्ली के लोग मरें और इसका दोष AAP पर आए।"

प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री बोले- मैं भी यमुना का पानी पीता हूं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में एक रैली के दौरान यमुना विवाद पर केजरीवाल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "कोई कैसे कह सकता है कि पानी में जहर मिलाया गया है। हरियाणा का भेजा यही पानी दिल्ली में हमारे सारे जज, जस्टिस, सम्मानित सदस्य पीते हैं। आपका प्रधानमंत्री भी यही पानी पीता है। क्या कोई सोच सकता है कि मोदी को जहर देने के लिए हरियाणा ने जहर दिया होगा।"

हरियाणा मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री सैनी ने पीया यमुना का पानी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज दिल्‍ली के पल्‍ला गांव में जाकर यमुना नदी का पानी पीया। उन्होंने कहा, "मैंने बेहिचक और बेझिझक पवित्र यमुना के जल का आचमन किया। आतिशी जी तो आईं नहीं। कोई नया झूठ रच रही होंगी। झूठ के पांव नहीं होते। इसलिए आप-दा का झूठ चल नहीं पा रहा।" इससे पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने मुख्यमंत्री सैनी को साथ चलकर यमुना नदी का पानी पीने की चुनौती दी थी।

ट्विटर पोस्ट

यमुना का पानी पीते हुए मुख्यमंत्री सैनी

राहुल गांधी

राहुल गांधी ने भी केजरीवाल को दी चुनौती

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बवाना में एक जनसभा को संबोधित करते हुए AAP पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "5 साल पहले AAP मुखिया अरविंद केजरीवाल ने यमुना में स्नान करने और यमुना जी का पानी पीने का वादा किया था। मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वे अपना वादा पूरा करें और यमुना का पानी पीकर दिखाएं। 5 साल हो गए, लेकिन AAP नेता ने यमुना का पानी नहीं पिया है, जबकि लोगों को गंदा पानी पीना पड़ता है।