
दिल्ली चुनावों के लिए भाजपा का संकल्प पत्र: महिलाओं को 2,500 रुपये, सिलेंडर पर मिलेगी सब्सिडी
क्या है खबर?
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ऐलान किया कि दिल्ली में महिला समृद्धि योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये दिए जाएंगे। साथ ही होली-दिवाली पर एक सिलेंडर मुफ्त दिया जाएगा। गर्भवती महिलाओं को 21,000 रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा गैस सिलेंडर पर 500 रुपये सब्सिडी दी जाएगी। नड्डा ने कहा कि यह विकसित दिल्ली की नींव का संकल्प पत्र है।
पेंशन
पेंशन की राशि बढ़ाने का वादा
भाजपा ने कहा कि दिल्ली में वरिष्ठ नागरिकों के लिए पेंशन राशि 2,000 से बढ़ाकर 2,500 रुपये की जाएगी। जो 70 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों को 3,000 रुपये दिए जाएंगे। आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख केंद्र सरकार की ओर से और 5 लाख राज्य सरकार के मिलाकर 10 लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त होगा। नड्डा ने कहा कि 51 लाख लोगों को इसका फायदा मिलेगा।
बड़ी बातें
संकल्प पत्र की बड़ी बातें
मातृ सुरक्षा वंदना योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को 6 पोषण किट दी जाएगी। नड्डा ने कहा कि दिल्ली के झुग्गियों में 5 रुपये में भर पेट भोजन के लिए अटल कैंटीन योजना शुरू करेंगे। 70 साल के ऊपर के बुजुर्ग को 10 लाख रुपये का बीमा कवर दिया जाएगा। नड्डा ने बताया कि दिल्ली चुनाव के लिए भाजपा 3 हिस्से में संकल्प पत्र जारी करेगी। आज पहला हिस्सा जारी किया गया है।
बयान
नड्डा बोले- वर्तमान योजनाएं चलती रहेंगी
नड्डा ने कहा, "भाजपा का रिकॉर्ड है कि जो कहा था, वो किया है और जो नहीं कहा था वो भी करके दिया है। इसलिए एक वाक्य भारत और दिल्ली की जनता के मन में समा गया है कि 'मोदी की गारंटी यानी गारंटी पूरा होने की भी गारंटी है'। दिल्ली में जो जन कल्याण की योजनाएं चल रही हैं, वो सारी योजनाएं भाजपा की सरकार बनने पर भी जारी रहेंगी। सभी योजनाओं को भ्रष्टाचार से मुक्त किया जाएगा।"
चुनाव
दिल्ली में 5 फरवरी को मतदान
दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में 5 फरवरी को मतदान होगा और 8 फरवरी को मतगणना की जाएगी। यहां AAP, भाजपा और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। चुनाव आयोग के मुताबिक, दिल्ली में कुल 1.55 करोड़ मतदाता है, जिनमें 8.49 लाख पुरुष, जबकि 71.74 लाख महिलाएं हैं। पिछले 2 चुनावों में यहां AAP ने बड़ी जीत दर्ज की है। 2020 में कांग्रेस का एक भी विधायक नहीं जीता था।