Page Loader
दिल्ली में 8 साल में सबसे गर्म रहा गणतंत्र दिवस पर तापमान, क्या है वजह?
दिल्ली में 26 जनवरी के दिन गर्मी रही (फाइल तस्वीर: एक्स/@HimalayanMailJK)

दिल्ली में 8 साल में सबसे गर्म रहा गणतंत्र दिवस पर तापमान, क्या है वजह?

लेखन गजेंद्र
Jan 27, 2025
09:49 am

क्या है खबर?

दिल्ली में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का दिन अमूमन ठंडा रहता है, लेकिन रविवार को तापमान में काफी बदलाव दिखा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक 23.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले 8 साल बाद इतना अधिक रहा है। इससे पहले 2017 में 26 जनवरी के दिन अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। रात का न्यूनतम तापमान सोमवार को 5.6 डिग्री (-2.8) सेल्सियस रहा।

मौसम

जनवरी में गर्मी का क्या है कारण?

दिल्ली में 1991 के बाद 26 जनवरी को दीर्घावधि औसत (LPA) अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस रहा है, जबकि पिछले कुछ वर्षों में यह 20 डिग्री के ऊपर नहीं गया। 2022 में इस दिन 16.4, 2023 में 17.3 और 2024 में 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसका कारण साफ आसमान और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं हैं। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि दिल्ली में पश्चिमी विक्षोभ का भी असर नहीं दिखा। हालांकि, रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट दिखी।

तापमान

अभी और बढ़ेगा तापमान

निजी मौसम निगरानी एजेंसी स्काईमेट के महेश पलावत ने बताया कि 28 जनवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ इस क्षेत्र में विकसित होगा, जिससे तापमान में वृद्धि हो सकती है। उन्होंने बताया कि इससे हवा के बहाव में बदलाव दिखेगा और उसकी गति कम होने के साथ बादल छाएंगे। इसका असर रात के तापमान पर दिखेगा, जो बढ़ सकता है। IMD के मुताबिक, न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 25 डिग्री तक पहुंचेगा।