Page Loader
सोनिया गांधी ने राजस्थान से राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया, किसे मिलेगी रायबरेली की विरासत?
सोनिया गांधी ने राजस्थान से राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है

सोनिया गांधी ने राजस्थान से राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया, किसे मिलेगी रायबरेली की विरासत?

लेखन आबिद खान
Feb 14, 2024
12:27 pm

क्या है खबर?

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राजस्थान से राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। इस दौरान उनके साथ राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस समिति अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत कई विधायक भी मौजूद रहे। सोनिया के राज्यसभा जाने के बाद उत्तर प्रदेश के रायबरेली सीट को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। बता दें कि सोनिया रायबरेली से लोकसभा चुनाव लड़ती रही हैं।

बयान

गहलोत बोले- सोनिया ने राजस्थान को चुना, हम गौरवान्वित

सोनिया गांधी के राजस्थान से राज्यसभा नामांकन दाखिल करने पर अशोक गहलोत ने कहा, "वह किसी भी राज्य में जा सकती थीं और राज्यसभा सदस्य बन सकती थीं, लेकिन उन्होंने राजस्थान को चुना है। यह खबर दुनिया भर में जाएगी कि सोनिया गांधी ने राजस्थान को चुना है। राजस्थान की चर्चा पूरे देश और दुनिया में होगी। आप कल्पना कर सकते हैं कि हम सभी कितने गौरवान्वित हैं। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार भी अब सतर्क होगी।"

संभावना

क्या प्रियंका गांधी लड़ेंगी रायबरेली से चुनाव?

सोनिया के राज्यसभा नामांकन के बाद संभावना है कि प्रियंका गांधी रायबरेली सीट से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय भी प्रियंका से चुनाव लड़ने की अपील कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि अगर प्रियंका यहां से चुनाव लड़ती हैं तो पार्टी उनकी जीत के लिए पूरी जान लगा देगी। प्रियंका उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के दौरान काफी सक्रिय थीं। बता दें कि रायबरेली सीट को गांधी परिवार का गढ़ माना जाता है।

सीटें

राजस्थान में कांग्रेस को एक, भाजपा को 2 सीटें मिलना तय

राजस्थान में 3 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होने हैं। संख्या बल के हिसाब से इनमें से 2 पर भाजपा और एक सीट पर कांग्रेस की जीत तय है। भाजपा ने राजस्थान से चुन्नीलाल गरासिया और मदन राठौड़ को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। यहां से भाजपा के सांसद किरोणी लाल मीणा और भूपेंद्र यादव का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। फिलहाल राजस्थान की 10 राज्यसभा सीटों में से 6 पर कांग्रेस और 4 पर भाजपा के सांसद हैं।

राज्यसभा

न्यूजबाइट्स प्लस

राज्यसभा एक स्थायी सदन होता है, यानी ये लोकसभा की तरह भंग नहीं हो सकता। इसके हर सदस्य का कार्यकाल 6 साल का होता है और हर 2 साल में एक-तिहाई सदस्य सेवानिवृत्त हो जाते हैं। राज्यसभा में सांसदों की कुल संख्या 250 हो सकती है। इनमें से 238 सदस्य राज्यों या केंद्र शासित प्रदेशों से चुने जाते हैं और 12 सांसदों को राष्ट्रपति नामित करते हैं। ये अलग-अलग क्षेत्र के सम्मानित लोग होते हैं।