Page Loader
दिल्ली नगर निगम: स्थायी समिति के चुनाव के नतीजे घोषित, AAP और भाजपा 3-3 सीटें जीतीं
दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति के चुनाव में भाजपा और AAP ने 3-3 सीटें जीती हैं

दिल्ली नगर निगम: स्थायी समिति के चुनाव के नतीजे घोषित, AAP और भाजपा 3-3 सीटें जीतीं

लेखन आबिद खान
Jun 08, 2023
07:23 pm

क्या है खबर?

दिल्ली नगर निगम (MCD) की स्थायी समिति के 6 सदस्यों के चुनाव का परिणाम जारी हो गया है। इसमें आम आदमी पार्टी (AAP) के 3 और भाजपा के 3 सदस्यों ने जीत दर्ज की है। 24 फरवरी को सदन की बैठक में स्थायी समिति के 6 सदस्‍यों के न‍िर्वाच‍न के ल‍िए मतदान हुआ था, लेकिन जोरदार हंगामे के चलते चुनाव परि‍णामों का ऐलान नहीं क‍िया जा सका था।

सदस्य

चुनावों में किन्हें मिली जीत?

AAP की ओर से आमिल मलिक, मोहिनी जीनवाल और रमिंदर कौर सदस्य चुनी गई हैं। भाजपा की ओर से मेयर रह चुकीं कमलजीत सहरावत, गजेंद्र दराल और पंकज लूथरा विजेता घोषित किए गए हैं। AAP की सारिका चौधरी को चुनाव में हार मिली। बता दें कि स्थायी समिति में कुल 18 सदस्य होते हैं और इसके 6 सदस्यों का चुनाव सदन की पहली बैठक में गुप्त वोटिंग के जरिये किया जाता है।

हाई कोर्ट

हाई कोर्ट में गया था मामला

बता दें कि मेयर के समिति के चुनाव के नतीजे घोषित न करने के बाद भाजपा ने दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। सुनवाई के दौरान मेयर शैली ओबरॉय ने दोबारा चुनाव कराने की बात कही थी, जिसे कोर्ट ने अस्वीकार करते हुए परिणाम जारी करने को कहा था। मतदान के दौरान मेयर ने भाजपा समर्थित एक मत को रद्द कर दिया था, कोर्ट ने इस मत को भी वैध मानने का आदेश दिया था।

AAP

मेयर और डिप्टी मेयर पद पर AAP का कब्जा

इससे पहले MCD मेयर पद के लिए हुए चुनाव में AAP की शैली ओबरॉय की जीत हुई थी। उन्हें 150 वोट मिले थे। उनकी प्रतिद्वंदी और भाजपा उम्मीदवार रेखा गुप्ता को 116 वोट मिले थे। डिप्टी मेयर पद पर भी AAP प्रत्याशी आले मोहम्मद इकबाल ने जीत दर्ज की थी। आले इकबाल को 147 वोट मिले थे, वहीं भाजपा के कमल बांगड़ी को 116 वोट मिले थे। मोहम्मद इकबाल मटिया महल के वार्ड 76 से पार्षद हैं।

समिति

क्या है MCD की स्थायी समिति?

स्थायी समिति को MCD में सबसे शक्तिशाली माना जाता है और ये समिति ही MCD का सारा कामकाज देखती है। स्थायी समिति निगम के सभी आर्थिक और प्रशासनिक फैसले लेती है। सदन में किसी भी तरह के प्रस्ताव को पास करने से पहले समिति के पास भेजा जाना जरूरी होता है। MCD से जुड़ा हर फैसला समिति ही लेती है। समिति में एक चेयरपर्सन और एक डिप्टी चेयरपर्सन होता है, जो सदस्यों के बीच में से ही चुना जाता है।