Page Loader
उपचुनाव: जालंधर लोकसभा सीट पर AAP जीती, उत्तर प्रदेश में भाजपा ने मारी बाजी; जानें नतीजे
चार विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीेजे घोषित

उपचुनाव: जालंधर लोकसभा सीट पर AAP जीती, उत्तर प्रदेश में भाजपा ने मारी बाजी; जानें नतीजे

लेखन नवीन
May 13, 2023
05:09 pm

क्या है खबर?

कर्नाटक चुनाव के साथ-साथ आज 4 विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे भी घोषित किए गए। इसमें उत्तर प्रदेश की दोनों विधानसभा सीटों पर भाजपा गठबंधन के प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। ओडिशा की झारसुगुड़ा विधानसभा सीट पर बीजू जनता दल (BJD) ने जीत दर्ज की है, जबकि मेघालय की सोहियांग विधानसभा सीट पर यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (UDP) की जीत हुई। जांलधर लोकसभा सीट पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने जीत दर्ज की है।

उत्तरप्रदेश

उत्तर प्रदेश में स्वार और छानबे सीट पर हुए थे उपचुनाव

उत्तर प्रदेश की स्वार विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा के गठबंधन के प्रत्याशी शफीक अहमद अंसारी ने जीत हासिल की। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी और समाजवादी पार्टी (SP) प्रत्याशी अनुराधा चौहान को 8,724 वोटों के अंतर से हराया। छानबे विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भी भाजपा गठबंधन की प्रत्याशी रिंकी कौल की जीत हुई है। उन्होंने SP प्रत्याशी कीर्ति कोल को 9,589 वोटों के अंतर से हराया।

ओडिशा

झारसुगुड़ा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे 

ओडिशा की झारसुगुड़ा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में BJD प्रत्याशी दीपाली दास ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी और भाजपा प्रत्याशी तंकाधर त्रिपाठी को 48,000 से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया है। ये सीट ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नबा किशोर दास की हत्या के बाद खाली हुई थी और BJD ने उनकी बेटी दीपाली को चुनाव मैदान में उतारा था। कांग्रेस ने इस सीट से अपने पूर्व विधायक के बेटे तरुण पांडेय को चुनाव लड़वाया था।

मेघालय

मेघालय में क्या रहे नतीजे?

मेघालय की सोहियोंग विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में UDP के सिंशर कूपर रॉय लिंगदोह ने जीत हासिल की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) के प्रत्याशी समलिन मालनगियांग को 3,422 वोटों के अंतर से हराया। 20 फरवरी को पूर्व गृह मंत्री और UDP प्रत्याशी एचडीआर लिंगदोह के निधन के बाद इस सीट पर चुनाव स्थगित करना पड़ा था। UDP ने उनके भतीजे सिंशर कूपर को उपचुनाव में मौका दिया।

लोकसभा

जालंधर लोकसभा सीट पर AAP ने मारी बाजी

पंजाब की जालंधर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में AAP ने बाजी मारी है। यहां AAP प्रत्याशी और पूर्व विधायक सुशील कुमार रिंकू ने अपनी निकटम प्रतिद्धंदी और कांग्रेस के प्रत्याशी कर्मजीत कौर को 58,691 वोटों के अंतर से हराया। हाल ही में रिंकू कांग्रेस छोड़कर AAP में शामिल हुए थे। इस उपचुनाव में भाजपा से इंदर इकबाल सिंह अटवाल और अकाली दल और बसपा के संयुक्त उम्मीदवार डॉ सुखविंदर सुक्खी भी मैदान में थे।