Page Loader
मेटाबॉलिज्म बढ़ाने में मदद कर सकते हैं ये योगासन, ऐसे करें अभ्यास

मेटाबॉलिज्म बढ़ाने में मदद कर सकते हैं ये योगासन, ऐसे करें अभ्यास

लेखन अंजली
Jun 05, 2021
06:45 am

क्या है खबर?

शरीर में हो रही रासायनिक प्रतिक्रियाओं को मेटाबॉलिज्म कहा जाता है। यह रासायनिक प्रतिक्रिया खाने को ऊर्जा में बदलने का काम करती है जिससे शरीर को सुचारू रूप से चलाने में मदद मिलती है। अगर आपका मेटाबॉलिज्म तेज होगा तो आप जल्दी कैलोरी बर्न करेंगे और इससे बढ़ते वजन को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। मेटाबॉल्जिम को तेज करने के लिए इन योगासनों का अभ्यास करना लाभदायक सिद्ध हो सकता है।

#1

अंजनेयासन

सबसे पहले दोनों पैरों को एक दूसरे से दूर फैला लें। अब दाहिने पैर के पंजे को बाहर की तरफ घुटने से मोड़ते हुए बैठें। इसके बाद सांस भरते हुए अपने दोनों हाथों को एक साथ सिर के ऊपर ले जाएं और सांस छोड़ते हुए अपने ऊपरी शरीर को पीठ के पीछे मोड़ने की कोशिश करें। कुछ देर इसी मुद्रा में बने रहें और फिर धीरे-धीरे सामान्य हो जाएं। अब इस प्रक्रिया को विपरीत दिशा से दोहराएं।

#2

गरुड़ासन

सबसे पहले जमीन पर चटाई पर ताड़ासन यानि सीधे खड़े हो जाएं। इस दौरान सामान्य रूप से सांस लेने की प्रक्रिया जारी रखें। अब पूरे शरीर का संतुलन दाएं पैर पर ले आएं और बाएं पैर को घुटने की पीछे हिस्से के ऊपर ले जाएं। फिर अपनी दोनों बाजुओं को कोहनी से मोड़ते हुए क्रास बना लें और इस मुद्रा में जितनी देर हो सके उतनी देर रहें। इसके बाद धीरे-धीरे सामान्य हो जाएं।

#3

उत्कटासन

सबसे पहले योगा मैट पर ताड़ासन की अवस्था में खड़े हो जाएं। अब अपने हाथों को जमीन के समांतर आगे की ओर सीधा करें या उन्हें आसमान की ओर सीधा उठा लें। इसके बाद धीरे-धीरे अपने घुटनों के सहारे नीचे आएं और कुर्सी का आकार लेकर इसी स्थिति में रुकने की कोशिश करें। इस अवस्था में पीठ को बिल्कुल सीधा रखें और कुछ सेकंड इसी अवस्था में रहने के बाद धीरे-धीरे सामान्य हो जाएं।

#4

मरीच्यासन

सबसे पहले योगा मैट पर दंडासन की मुद्रा में बैठ जाएं। अब सांस अंदर लें और अपने दाएं पैर को घुटने से मोड़े। सांस छोड़ते हुए कूल्हे के जोड़ों से झुकें और सिर से बाएं पैर के घुटने को छूने की कोशिश करें। फिर दाएं हाथ को दाएं पैर के आगे से ले जाकर पीठ के पास लाएं और बाएं हाथ से दाएं हाथ को पकड़ लें। कुछ देर इसी मुद्रा में बने रहने के बाद धीरे-धीरे सामान्य हो जाएं।