Page Loader
कच्चा आम बनाम पका आम: स्वास्थ्य के लिए क्या है बेहतर?

कच्चा आम बनाम पका आम: स्वास्थ्य के लिए क्या है बेहतर?

लेखन अंजली
May 16, 2024
04:11 pm

क्या है खबर?

गर्मियों में आने वाले सबसे लोकप्रिय फलों में से आम अपने अनोखे स्वाद के अलावा कई पोषक तत्वों से भरपूर होता है। हालांकि, कई लोग पके और रसीले आम को डाइट में शामिल करना सही समझते हैं, वहीं कच्चे आम खाने वालों की भी कमी नहीं है। ऐसे में सवाल ये उठता है कि इनमें से किसका सेवन स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है? आइए जानते हैं कि पके और कच्चे आम में से कौन-सा सबसे ज्यादा स्वास्थ्यवर्धक है।

कच्चा आम

कच्चे आम का इस्तेमाल

कच्चा आम स्वाद में खट्टा होता है और इसके छिलके का रंग हरा होता है, जबकि गूदा सफेद होता है। इसकी तासीर ठंडी मानी जाती है, जिस वजह से गर्मियों में इसका सेवन बढ़ जाता है। आमतौर पर लोग कच्चे आम का इस्तेमाल अचार, चटनी या फिर विभिन्न तरह के पेय बनाने के लिए करते हैं। इसके अतिरिक्त इससे सब्जी, सलाद और सूप आदि भी बनाया जा सकता है। यहां जानिए कच्चे आम से बनाए जाने वाले व्यंजनों की रेसिपी

लाभ

कच्चे आम के सेवन से मिलने वाले फायदे

कच्चे आम को विटामिन-C का बेहतर स्त्रोत माना जाता है, जो इम्यूनिटी को बढ़ावा देने, त्वचा को स्वस्थ रखने और शरीर में आयरन को अवशोषित करने में मदद कर सकता है। कच्चे आम में क्वेरसेटिन और आइसोक्वेरसिट्रिन जैसे एंटी-ऑक्सीडेंट होते है। ये एंटी-ऑक्सीडेंट शरीर को ऑक्सीडेटिव तनाव और सूजन से बचाने में सहायक माने जाते हैं। इन आम में एमाइलेज जैसे एंजाइम होते हैं, जो पाचन शक्ति बढ़ाने में मदद कर सकते हैं।

पका आम

पका आम कैसा होता है?

पके आम पीले, लाल और हरे रंग के होते हैं, जबकि इनका गूदा पीले रंग का होता है। हालांकि, इसकी तासीर गर्म होती है, जिस कारण गर्मियों में इनका सेवन कम करना चाहिए। भारत में मालदा, चौसा, दशहरी, हापुस, लंगड़ा, केसर, हिमसागर, बादामी, तोतापुरी, बंगनपल्ली, पायरी और मल्लिका आदि किस्म के पके आम मिलते हैं। पोषक तत्वों के मामले में इन आमों में ज्यादा फर्क नहीं होता है, लेकिन इनमें कैलोरी की मात्रा एक-दूसरे से ज्यादा होती है।

फायदे

पके आम से मिलने वाले स्वास्थ्य लाभ

पके आम में विटामिन-A, विटामिन-C, विटामिन-E, पोटेशियम और फोलेट शामिल होता है, जो समग्र स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होते हैं। पके आम बीटा-कैरोटिन से भरपूर होते हैं, जो शरीर में विटामिन-A में परिवर्तित होकर स्वस्थ दृष्टि को बढ़ावा देने समेत आंखों की समस्याओं से सुरक्षित रखने में मदद कर सकता है। ये आम त्वचा में कोलेजन उत्पान को बढ़ाकर युवा रखने और प्रदूषक कणों से होने वाले नुकसान से बचाने में भी मददगार होते हैं।

चयन

कच्चा आम या पका आम, किसका चयन करना है बेहतर? 

अब बारी आती है यह उलझन दूर करने की कि कच्चे और पके आम में से किसका सेवन स्वास्थ्य के लिए ज्यादा बेहतर है। कच्चे आम के कुछ पौष्टिक तत्व पके आम से थोड़े ज्यादा हैं और कैलोरी के मामले में भी यह पके वाले से बेहतर है। इसलिए सीमित मात्रा में कच्चे आम का सेवन स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। हालांकि, ऐसा नहीं है कि पके आम के सेवन से कोई नुकसान होता है।