Page Loader
क्या आपके द्वारा खरीदे तरबूज में मिलावट है? इस तरह से लगाएं पता

क्या आपके द्वारा खरीदे तरबूज में मिलावट है? इस तरह से लगाएं पता

लेखन अंजली
May 20, 2024
01:50 pm

क्या है खबर?

आजकल खान-पान की चीजों में मिलावट आम बात हो चुकी है। जहां पहले अनाज और दुग्ध उत्पादों में मिलावट के मामले सामने आते थे, अब स्वास्थ्य के लिए पौष्टिक मानी जानी वाली सब्जियां और फल भी इससे बचे नहीं हैं। यहां तक कि तरबूज जैसे मौसमी फल के गूदे को अधिक लाल बनाने और इसकी मिठास बढ़ाने के लिए भी रसायन का इस्तेमाल हो रहा है। आइए जानते हैं कि तरबूज में मिलावट का पता कैसे लगाया जा सकता है।

मिलावट

तरबूज में किस चीज की मिलावट होती है?

तरबूज में एरिथ्रोसिन नामक रंग की मिलावट होती है। यह सबसे जहरीले रंगों में से एक माना जाता है और गुलाबी रंग का होता है। इसका इस्तेमाल ज्यादातर खाद्य पदार्थों को रंगने के लिए किया जाता है और इसे चीजों में इंजेक्शन के जरिए मिलाया जाता है, इसलिए तरबूज जैसे फलों के बाहरी हिस्से को देखकर इसका पत लगाना मुश्किल है। हालांकि, भारत खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने तरबूज में मिलावट का पता लगाने का तरीका बताया है।

तरीका

तरबूज में मिलावट का पता ऐसे लगाएं

FSSAI के मुताबिक, सबसे पहले तरबूज को आधा काट लें, फिर इसके गूदे पर साफ रूई को हल्के हाथों से घुमाएं। अगर रूई पर लाल रंग आता है तो समझ जाइए कि तरबूज में एरिथ्रोसिन की मिलावट है, हालांकि, अगर रूई साफ रहती है या गीली हो जाती है तो इसका मतलब है कि तरबूज में किसी तरह की मिलावट नहीं है। ऐसे तरबूज का इस्तेमाल किसी भी तरह के व्यंजन के लिए किया जा सकता है।

नुकसान

एरिथ्रोसिन के दुष्प्रभाव

एरिथ्रोसन युक्त चीजों के सेवन से स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसी चीजों का अधिक सेवन उलटी, मतली, पेट दर्द और सूजन जैसी समस्याओं का कारण बन सकता है। इसके अतिरिक्त इससे मल त्यागने में दिक्कत होना और ब्लोटिंग भी हो सकती है। यह गर्भवती महिलाओं के लिए भी सही नहीं है, वहीं लंबे समय तक एरिथ्रोसन वाली चीजों का सेवन कैंसर का भी कारण बन सकता है। इसलिए ऐसी चीजों से दूरी बनाएं।

खरीदना

तरबूज खरीदते समय इन बातों का भी रखें ध्यान

कई लोग तरबूज खरीदते समय उसे ठोक कर देखते हैं। ऐसा आपको भी करना चाहिए। जो तरबूज पका हुआ और मीठा होगा, उसे ठोकने पर तेज आवाज आएगी, वहीं अधपका और कच्‍चा तरबूज ठोकने पर कम आवाज करेगा। इसके अतिरिक्त जब भी तरबूज खरीदें तो दोनों हाथों में अलग-अलग तरबूज लेकर उनका वजन नापें और फिर जो अधिक वजनदार हो उसे ही खरीदें। यहां जानिए तरबूज के सेवन से मिलने वाले फायदे