
मानसून के दौरान बच्चों को जरूर खिलाएं ये 5 खाद्य पदार्थ, प्रतिरक्षा प्रणाली होगी मजबूत
क्या है खबर?
मानसून के दौरान बच्चों को कई बीमारियों का सामना करना पड़ जाता है। इसका कारण है कि इस मौसम में नमी बढ़ जाती है, जो बैक्टीरिया और वायरस को पनपने का मौका देती है। हालांकि, अगर बच्चे सेहतमंद खाना खाते हैं तो वे सामान्य सर्दी-खांसी से बच सकते हैं। आइए आज हम आपको खान-पान की कुछ ऐसी चीजों के बारे में बताते हैं, जो मानसून के दौरान बच्चों की प्रतिरक्षा को मजबूत बनाने में मदद कर सकती हैं।
#1
ब्रोकली
ब्रोकली में विटामिन A, विटामिन C, विटामिन K और फोलेट जैसे पोषक तत्व होते हैं। ये सभी बच्चों की प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा, ब्रोकली में ऐसे गुण होते हैं, जो शरीर से हानिकारक तत्वों को बाहर निकालने में भी मदद कर सकते हैं। आप चाहें तो बच्चों को ब्रोकली का सूप बनाकर पिला सकते हैं या फिर इसे सलाद के रूप में परोस सकते हैं।
#2
लहसुन
लहसुन में कई ऐसे गुण होते हैं, जो बच्चों को संक्रमण और बीमारियों से बचाने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा, इसमें मौजूद तत्व अन्य पोषक तत्वों के साथ मिलकर रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने का काम कर सकते हैं। लहसुन को हर दिन बच्चों के खाने में किसी न किसी रूप में जरूर शामिल करें। यह बच्चों की सेहत में सुधार ला सकता है और सर्दी-जुखाम के इलाज में भी मदद कर सकता है।
#3
अंजीर
अंजीर एक तरह का फल और सूखा मेवा है। इसमें ऐसे तत्व होते हैं, जो प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने में आपकी सहायता कर सकते हैं। इसके अलावा, अंजीर में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण भी होते हैं, जो शरीर की सूजन को कम करने में मदद कर सकते हैं। आप चाहें तो बच्चों को सूखे अंजीर का सेवन करा सकते हैं या फिर अंजीर की चटनी बनाकर खिला सकते हैं। आप अंजीर से ये पौष्टिक व्यंजन तैयार कर सकते हैं।
#4
नींबू पानी
नींबू विटामिन C का एक बेहतरीन स्रोत है, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने के साथ पाचन को भी ठीक रखने में मदद कर सकता है। इसके अलावा, नींबू में मौजूद तत्व शरीर में ऊर्जा के स्तर को बढ़ाने का भी काम कर सकते हैं। इसके लाभ पाने के लिए गर्म या ठंडे पानी में आधा कटा हुआ नींबू निचोड़कर उसका सेवन करें। बच्चों को देते समय आप नींबू पानी में थोड़ा-सा शहद भी मिला सकते हैं।
#5
दही
दही में ऐसे तत्व होते हैं, जो पाचन को सुधारने के साथ प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने में मदद कर सकते हैं। इतना ही नहीं, दही में कई पोषक तत्व भी पाए जाते हैं, जो बच्चों के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं। आप चाहें तो बच्चों को दही की लस्सी बनाकर पिला सकते हैं या फिर दही को किसी अन्य फल के साथ मिलाकर खिला सकते हैं। यह डेयरी उत्पाद पेट को ठंडा करने में भी सहायता करता है।