Page Loader
भीषण गर्मी के बाद अब झमाझम बरस रहे मेघ, आज यहां होगी भारी बारिश 
कई राज्यों में सोमवार को भारी बारिश हाे सकती है (तस्वीर: अनस्प्लैश)

भीषण गर्मी के बाद अब झमाझम बरस रहे मेघ, आज यहां होगी भारी बारिश 

Jun 23, 2025
09:03 am

क्या है खबर?

मानसून के असर के चलते देश के लगभग हर राज्य में बारिश ने दस्तक दे दी है, जिससे तापमान में गिरावट नजर आ रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार (23 जून) को कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश की चेतावनी दी है। साथ ही उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य प्रदेश, गुजरात, कोंकण और गोवा में 26 जून तक भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत में अगले 3 दिन झमाझम बरसात होने के आसार हैं।

मानसून 

कहां तक पहुंचा मानसून?

दक्षिण-पश्चिमी मानसून पश्चिमी उत्तर प्रदेश से होकर उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश से होते हुए तय समय से 10 दिन पहले रविवार को पंजाब पहुंच गया। लद्दाख के सभी क्षेत्रों के साथ जम्मू-कश्मीर में भी मानसून सक्रिय हो गया है। ऐसी ही परिस्थिति रही तो अगले 2 दिनों में राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अधिकतर हिस्सों में पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने 23 और 24 जून को मध्य प्रदेश में अति भारी बारिश की चेतावनी दी है।

भारी बारिश 

राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट

राजस्थान में भले ही मानसून ने दस्तक दे दी है, लेकिन पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश हो रही है, जबकि पश्चिमी जिले गर्मी की मार झेल रहे हैं।1-2 दिन में पश्चिमी राजस्थान में मानसून पहुंच सकता है। उत्तर प्रदेश में मानसून ने लगभग पूरे राज्य को कवर कर लिया है। यहां 23 जून को कुछ जगह मेघ बरस सकते हैं, जबकि कुछ जगह भारी बारिश का अनुमान है। बिहार में भी झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है।

दिल्ली 

दिल्ली में 24 जून को दस्तक दे सकता है मानसून

IMD के अनुमान के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 24 जून को मानसून दस्तक दे सकता है। अगर, ऐसा होता है तो यह 2013 के बाद सबसे जल्दी आगमन माना जाएगा। उस साल मानसून 16 जून को यहां पहुंचा था। यहां 23 से 25 जून तक अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है। 24 से 27 जून के बीच गरज-चमक, तेज हवा चलने के साथ रुक-रुककर बारिश होती रहेगी। अधिकतम तापमान भी 29.3 डिग्री तक रहने की संभावना है।

पहाड़ी राज्य 

पहाड़ों राज्यों में बढ़ने लगी परेशानी 

उत्तराखंड में मानसून की दस्तक के बाद पहाड़ से मैदान तक बारिश का दौर तेज हो गया है। देहरादून, हरिद्वार, रुड़की, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। जम्मू-कश्मीर में बारिश के चलते चीन सीमा को जोड़ने वाला मुनस्यारी-धापा-मिलम मार्ग पर यातायात बंद हो चुका है। रलगाड़ी में चट्टान दरकने और गौंखा नदी का पुल ध्वस्त होने से आवाजाही बंद है। दूसरी तरफ बागेश्वर में पिंडर नदी पर बना लकड़ी का पुल बह गया।