Page Loader
गरवी गुजरात ट्रेन में यात्रियों को मिलेगी होटल जैसी सुविधाएं, जानिए इसकी अन्य खासियत और पैकेज
गरवी गुजरात ट्रेन के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी

गरवी गुजरात ट्रेन में यात्रियों को मिलेगी होटल जैसी सुविधाएं, जानिए इसकी अन्य खासियत और पैकेज

लेखन गौसिया
Mar 02, 2023
08:00 pm

क्या है खबर?

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 28 फरवरी को भारत योजना के तहत 'गरवी गुजरात पर्यटक ट्रेन' शुरू की है। यह ट्रेन गुजरात के विभिन्न आकर्षक स्थलों की यात्रा कराएगी। इसका उद्देशय राज्य की विरासत और संस्कृति का प्रतिनिधित्व करना है। यह ट्रेन दिल्ली के सफदरगंज रेलवे स्टेशन से शुरू होती है और पूरी यात्रा 8 दिनों की अवधि में लगभग 3,500 किलोमीटर की दूरी तय करती है। आइए इस पर्यटक ट्रेन के बारे में विस्तार से जानते हैं।

विशेषताएं

ये हैं पर्यटक ट्रेन की विशेषताएं 

IRCTC द्वारा संचालित इस ट्रेन में 5 फर्स्ट AC कोच, 2 सेकंड AC कोच, 2 रेल रेस्टोरेंट और 1 बेहतरीन पेंट्री कार मौजूद है। इस डीलक्स AC ट्रेन में एक साथ 156 पर्यटक बैठ सकते हैं। इसमें कोचों में शॉवर क्यूबिकल्स, 1 आधुनिक किचन, 1 फुट मसाजर, सेंसर-आधारित वॉशरूम और इन-हाउस लाइब्रेरी जैसी अन्य आधुनिक सुविधाएं भी हैं। इसके अलावा हर कोच में सफाई और सामान्य मदद के लिए दो सहायक भी उपलब्ध हैं।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें गरवी गुजरात ट्रेन की तस्वीरें

स्टॉपेज

गरवी गुजरात ट्रेन सबसे पहले इस जगह पर रुकेगी 

रेल मंत्रालय के मुताबिक, पर्यटक ट्रेन टूर पैकेज को स्वतंत्रता सेनानी सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन पर डिजाइन किया गया है। इस ट्रेन का पहला स्टॉपेज केवड़िया होगा। यहां यात्री स्टैच्यू ऑफ यूनिटी देख सकते हैं। इसके अलावा ये ट्रेन पर्यटकों को चंपानेर पुरातात्विक पार्क, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, द्वारकाधीश मंदिर, बेट द्वारका, अहमदाबाद, मोढेरा सूर्य मंदिर और साबरमती आश्रम जैसे विरासत स्थल और स्मारक घुमाएगी। इसके साथ ही केवड़िया और अहमदाबाद में 2 रात ठहरने की व्यवस्था भी होगी।

शाही पैलेस

लक्ष्मी विलास पैलेस और जामी मस्जिद घूमने का भी मिलेगा मौका

गरवी गुजरात ट्रेन वडोदरा में भी रुकेगी। यहां पर आप लक्ष्मी विलास पैलेस और जामी मस्जिद जा सकते हैं। इस शाही पैलेस का निर्माण 1890 में महाराजा सयाजीराव गायकवाड़ III ने करवाया था। इसकी वास्तुकला अतुलनीय है और इसे इंडो-सरसेनिक शैली में बनाया गया है। इस महल को बनवाने में कुल 12 साल लगे थे। वहीं जामी मस्जिद पश्चिमी भारत की बेहतरीन मस्जिदों में से एक है।

पैकेज

ये है गरवी गुजरात पर्यटक ट्रेन का पैकेज 

इस यात्रा के लिए एक यात्री को एसी 2 टीयर में एक सीट बुक करने के लिए 52,250 रुपये देने होंगे। इसी तरह AC 1 टीयर में एक सीट के लिए 77,400 रुपये का टिकट खरीदना होगा। इन टिकट में यात्रा बीमा, शाकाहारी भोजन, एसी होटलों में रात रुकने का किराया, बसों की यात्रा और गाइड सेवाएं भी शामिल हैं। इसके साथ ही यात्रियों के लिए EMI भुगतान का विकल्प भी उपलब्ध है।

जानकारी

प्रधानमंत्री मोदी ने 2021 में शुरू की थी भारत गौरव नीति 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश और दुनिया के लोगों को भारत की संस्कृति, इतिहास और परंपराओं को प्रदर्शित करने के लिए 23 नवंबर, 2021 को भारत गौरव नीति की शुरुआत की थी। इसका उद्देशय भारत की विशाल पर्यटन क्षमता को बढ़ावा देना है।