5G स्पेक्ट्रम में रिलायंस जियो को मिला सबसे बड़ा हिस्सा; बाकी कंपनियों ने कितना किया खर्च?
भारत में 5G स्पेक्ट्रम नीलामी सात दिन चलने के बाद 1 अगस्त को खत्म हो गई है। मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस जियो ने सबसे ज्यादा 88,078 करोड़ रुपये खर्च करते हुए 24,740MHz स्पेक्ट्रम खरीदे हैं। इसके बाद सुनील भारती मित्तल की कंपनी भारती एयरटेल ने 43,084 करोड़ रुपये खर्च कर 19867.8MHz स्पेक्ट्रम अपने नाम किए। वोडाफोन-आइडिया (Vi) ने 17 प्रायॉरिटी सर्कल्स के मिड-बैंड 5G स्पेक्ट्रम में 3300MHz और mmWave 5G स्पेक्ट्रम में 26GHz खरीदे हैं।
कुल 150,173 करोड़ रुपये में खरीदे गए स्पेक्ट्रम
तीन बड़ी टेलिकॉम कंपनियों के अलावा अडाणी ग्रुप ने भी स्पेक्ट्रम्स के लिए बोली लगाई और नीलामी में कुल 5G एयरवेव्स स्पेक्ट्रम्स के करीब 71 प्रतिशत की नीलामी 150,173 करोड़ रुपये में हुई। 5G स्पेक्ट्रम नीलामी खत्म होने के बाद टेलिकॉम मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, "नीलामी में करीब 72,098MHz के स्पेक्ट्रम उतारे गए थे, जिनमें से 51,236MHz की बिक्री हुई।" उन्होंने कहा कि 5G के साथ टेलिकॉम इंडस्ट्री का विस्तार हो रहा है और इसकी गंभीरता दिख रही है।
रिलायंस जियो ने सबसे ज्यादा खर्च किया
नीलामी में सबसे ज्यादा खर्च करने वाली रिलायंस जियो ने सभी 22 सर्कल्स में 700MHz, 800MHz, 1800MHz, 3300MHz और 26GHz बैंड्स अगले 20 साल के लिए खरीदे हैं। कंपनी ने कहा है कि इसने 700MHz बैंड के 220 यूनिट्स, 800MHz बैंड के 20 यूनिट्स, 1899MHz बैंड के 60 यूनिट्स, 3300MHz के 2440 यूनिट्स और 22,000 यूनिट्स खरीदे हैं। जियो को कुल 24,740MHz स्पेक्ट्रम के लिए हर साल करीब 7,877 करोड़ रुपये खर्च करने होंगे और इसपर ब्याज भी देना होगा।
वोडाफोन-आइडिया (Vi) ने 4G स्पेक्ट्रम भी खरीदे
वोडाफोन-आइडिया (Vi) ने बताया है कि इसने मिड-बैंड 5G स्पेक्ट्रम में इसके 17 प्रायॉरिटी सर्कल्स में 3300MHz स्पेक्ट्रम खरीदे। इसके अलावा इसके 16 सर्कल्स में कंपनी ने mmWave 5G स्पेक्ट्रम में 26GHz खरीदे हैं, जिनके साथ 5G रोलआउट शुरू किया जाएगा। कंपनी ने नीलामी के दौरान खर्च की गई रकम के बारे में जानकारी नहीं दी है। साथ ही, Vi ने आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और पंजाब सर्कल्स के लिए 4G स्पेक्ट्रम भी खरीदे हैं।
न्यूजबाइट्स प्लस
अगस्त-सितंबर महीने में पहले फेज का रोलआउट शुरू किया जाएगा। पहले फेज में भारत के 13 शहरों में 5G सेवाएं मिलना शुरू होंगी। इन शहरों की लिस्ट में अहमदाबाद, बेंगलुरू, चंडीगढ़, चेन्नई, दिल्ली, गांधीनगर, गुरुग्राम, हैदराबाद, जामनगर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई और पुणे शामिल हैं।
एयरटेल दूसरी सबसे ज्यादा खर्च करने वाली कंपनी
जियो के बाद नीलामी में दूसरी पोजीशन पर सबसे ज्यादा खर्च करने वाली एयरटेल ने 3.5GHz और 26GHz बैंड्स में 19,800MHz के 5G स्पेक्ट्रम खरीदे। कंपनी ने 5G एयरवेव्स और मिड-बैंड स्पेक्ट्रम्स भी खरीदे और इन सब के लिए 43,084 करोड़ रुपये खर्च किए। एयरटेल ने बताया कि उसके पास लो और मिड-बैंड सपेक्ट्रम्स का सबसे बड़ा पूल है, जिसके साथ यूजर्स को 3.5GHz और 26GHz बैंड्स में बेहतरीन क्षमता मिलेगी और कम कीमत बेहतर सेवाएं दी जा सकेंगी।
अडाणी ग्रुप ने भी खरीदे स्पेक्ट्रम्स
इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, गौतम अडाणी के अडाणी डाटा नेटवर्क्स ने भी इस नीलामी में हिस्सा लिया, लेकिन ज्यादा स्पेक्ट्रम नहीं खरीदे। अडाणी डाटा नेटवर्क्स ने 212 करोड़ रुपये खर्च करते हुए 26GHz बैंड में 400MHz स्पेक्ट्रम खरीदे हैं। हालांकि, इससे पहले माना जा रहा था कि अडाणी ग्रुप से जुड़ी कंपनी नीलामी के दौरान रिलायंस जियो और भारती एयरटेल को कड़ी टक्कर दे सकती है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।