LOADING...
गुजरात: BSF जवान की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में 7 आरोपी गिरफ्तार
गुजरात में BSF जवान की पीट-पीटकर हत्या

गुजरात: BSF जवान की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में 7 आरोपी गिरफ्तार

लेखन नवीन
Dec 27, 2022
12:10 pm

क्या है खबर?

गुजरात के नडियाद में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान की हत्या के मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बेटी का अश्लील वीडियो वायरल करने का विरोध करने पर इन आरोपियों ने 24 दिसंबर को BSF जवान की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सहपाठी शैलेश ने ही जवान की बेटी का आपत्तिजनक वीडियो वायरल किया था और दोनों के बीच प्रेम प्रसंग भी चल रहा था।

घटनाक्रम

क्या है पूरा मामला?

आरोपी शैलेश ने BSF जवान की बेटी का एक आपत्तिजनक वीडियो बनाया था और इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बीते शनिवार को 46 वर्षीय BSF जवान मेलजिभाई वाघेला अपनी पत्नी, दो बेटे और भांजे के साथ शैलेश के घर शिकायत करने चकलासी गांव गए। इसी दौरान आरोपी के परिजनों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर उनकी हत्या कर दी। इसमें दो महिलाएं भी शामिल रहीं। हमले में जवान के एक बेटे को भी गंभीर चोटें आईं।

घटनाक्रम

लड़की की दोस्ती का आरोपी ने उठाया नाजायज फायदा

जानकारी के मुताबिक, आरोपी शैलेश और BSF जवान की बेटी स्कूल में साथ पढ़ते थे। दोनों के बीच अच्छी दोस्ती हो गई और दोनों एक-दूसरे को प्यार भी करने लगे। ऐसे में आरोपी लड़के ने इस दोस्ती का नाजायज फायदा उठाते हुए लड़की का एक आपत्तिजनक वीडियो बना लिया और इसे वायरल करने की धमकी देने लगा। जब लड़की उसकी धमकियों के सामने नहीं झुकी तो आरोपी ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड करते हुए वायरल कर दिया।

कार्रवाई

शैलेश के पिता और चाचा समेत सात आरोपी गिरफ्तार

नडियाद के पुलिस उपाधीक्षक वीआर बाजपेयी ने बताया कि नाडियाद के चकलासी गांव के रहने वाले आरोपी शैलेश के पिता दिनेश यादव, चाचा अरविंद यादव और परिवार के अन्य सदस्यों को BSF जवान की हत्या मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। जवान की पत्नी ने पुलिस में आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज करवाई थी। पीड़ित परिवार के अनुसार, BSF जवान मेलजिभाई वाघेला 56 बटालियन मेहसाना में तैनात थे।

मातम

BSF जवान की मौत से गांव में पसरा मातम

बता दें कि वाघेला अपने पीछे पत्नी, एक बेटी और दो बेटों को छोड़ कर गए हैं। उनके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस घटना के बाद से गांव में भी मातम पसरा हुआ है। साथी जवान को अंतिम विदाई देने के लिए BSF का एक दस्ता भी उनके गांव पहुंच चुका है। आज सैन्य सम्मान के साथ जवान का अंतिम संस्कार किया जाएगा।