भाई दूज के लिए सजा रही हैं पूजन थाली? उसमें जरूर होनी चाहिए ये 5 चीजें
क्या है खबर?
भाई दूज भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत करने वाला त्योहार है, जो इस साल 3 नवंबर को मनाया जाएगा। इस दिन सभी बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी आयु की कामना करती हैं।
इसके बदले भाई अपनी बहनों को तोहफे देकर उनकी रक्षा करने की कसम खाते हैं। सभी बहनों को भाई दूज की पूजन थाली सजाते समय उसमें ये 5 चीजें जरूर शामिल करनी चाहिए।
आइए इन चीजों का महत्त्व भी जानते हैं।
#1
कुमकुम
भाई दूज की पूजन थाली में सबसे जरूरी सामग्री होती है रोली या कुमकुम। इस पर्व की सबसे अहम रस्म होती है तिलक लगाना, जिसके लिए कुमकुम का ही उपयोग किया जाता है।
इस सामग्री का लाल रंग पवित्रता, शुभता, उत्साह, उमंग, साहस, और शौर्य का प्रतीक होता है।
मान्यताओं के अनुसार, माथे पर कुमकुम लगाने से जीवन की नकारात्मकता खत्म हो जाती है और एकाग्रता भी बढ़ती है।
#2
चावल
हर पूजा की थाली की तरह भाई दूज की पूजन थाली में भी चावल रखने चाहिए। पूजा में इस्तेमाल होने वाले सफेद चावल को अक्षत कहते हैं, जिन्हें भाई के ऊपर छिड़का जाता है।
अक्षत को पूर्णता का प्रतीक माना जाता है, जो लोगों के जीवन में शांति लाते हैं। माना जाता है कि अगर पूजा में किसी प्रकार की कमी रह जाए, तो अक्षत उसे पूरा कर देते हैं।
हालांकि, पूजन थाली में रखे चावल टूटे नहीं होने चाहिए।
#3
मिठाई
भारत के सभी त्योहार मिठाइयों के बिना अधूरे माने जाते हैं। आपको भाई के लिए भाई दूज की थाली सजाते समय उसमें मिठाइयां जरूर रखनी चाहिए।
तिलक लगाने की रस्म के बाद बहनें मिठाई खिलाकर भाइयों का मुंह मीठा करवाती हैं, जिससे उनके जीवन में भी मिठास बनी रहती है।
आप अपनी पूजन थाली में लड्डू, काजू कतली, छेना और रसगुल्ले जैसी मिठाइयां रख सकती हैं।
बहनें बिना बोले भाइयों को प्यार जताने के लिए ये तरीके अपना सकती हैं।
#4
नारियल
भाई दूज की पूजन थाली में नारियल रखना बेहद शुभ माना जाता है। आप इस त्योहार पर थाली सजाते समय उसमें सूखा या पानी वाला नारियल, दोनों रख सकती हैं।
इस पर्व पर बहनें अपने भाइयों को यह नारियल भेंट करती हैं। मान्यताओं के अनुसार, ऐसा करने से भाई-बहन का प्रेम बना रहता है और उनका स्वास्थ्य भी अच्छा रहता है।
इस साल भाई दूज पर भाई-बहन मिलकर ये एक जैसे कपड़े पहन सकते हैं।
#5
दिया
पौराणिक कथाओं के अनुसार, जब यम देव अपनी बहन यमुना देवी से मिलने गए थे, तब उन्होंने उनकी आरती उतारी थी।
इसी कारण भाई दूज की पूजन थाली में घी का दीपक जरूर शामिल होना चाहिए।
इस दीपक के जरिए आप अपने भाइयों की आरती उतार सकेंगी। भाई दूज पर भाई की आरती उतारने से यम देव का भय दूर होता है और अकाल मृत्यु का खतरा भी टल जाता है।