Page Loader
खाने के अलावा नारियल का इन 5 तरीकों से करें इस्तेमाल
कई गुणों से भरपूर होता है नारियल

खाने के अलावा नारियल का इन 5 तरीकों से करें इस्तेमाल

लेखन गौसिया
Oct 16, 2023
06:00 am

क्या है खबर?

नारियल कई गुणों से भरपूर होता है, जो हमारी सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं। कई लोग इसका इस्तेमाल स्वादिष्ट व्यंजन बनाने के लिए करते हैं, लेकिन आप इसके अलावा भी बहुत-सी चीजों के लिए नारियल का उपयोग कर सकते हैं। आप इसे बालों की देखभाल से लेकर घर की सजावट तक के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। चलिए फिर आज हम आपको खाने के अलावा नारियल के इस्तेमाल करने के 5 तरीके बताते हैं।

#1

बालों की देखभाल के लिए नारियल तेल

खाना पकाने के अलावा नारियल तेल का इस्तेमाल बालों की देखभाल के लिए भी किया जा सकता है। नारियल का तेल रूखे बालों को मुलायम और चमकदार बनाने में मदद कर सकता है। इसके लिए गुनगुने नारियल तेल से सिर की अच्छे से मालिश करें। इससे आपके बालों को पोषण मिलेगा, जिससे बालों का झड़ना कम होगा और बाल घने होंगे। बालों की देखभाल के लिए इन हेयर मास्क का इस्तेमाल भी किया जा सकता है।

#2

मुलायम त्वचा के लिए नारियल तेल और दूध

नारियल का तेल मॉइस्चराइजिंग गुणों से भरपूर होता है। यह आपकी कोहनी, हाथ और पैरों को मुलायम और फटी एड़ियों को ठीक करने में भी मदद कर सकता है। लाभ के लिए बिस्तर पर जाने से पहले अपने हाथ, पैर और एड़ियों पर नारियल तेल लगाएं। इसके अलावा त्वचा की देखभाल के लिए आप नारियल के दूध से घर पर ही फेस मास्क या स्क्रब बनाकर इस्तेमाल कर सकते हैं।

#3

घर की सजावट के लिए नारियल के खोल

आप नारियल का तेल ही नहीं, बल्कि घर की सजावट के लिए इसके खोल का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। साफ किए गए नारियल के खोल में आप पौधे लगा सकते हैं या फिर इसके अंदर मोमबत्ती रखकर घर को सजा सकते हैं। आप चाहें तो रस्सी के सहारे से खोल को बालकानी पर लटका भी सकते हैं। इसके लिए नारियल को बीच से तोड़ें और फिर उसका गूदा निकाल लें। अब खोल को अच्छे से साफ कर लें।

#4

दांतों के स्वास्थ्य के लिए नारियल तेल

नारियल का तेल दांतों के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है। यह दांतों की सड़न और मसूड़ों की बीमारी का कारण बनने वाले बैक्टीरिया से प्रभावी ढंग से लड़ने में मदद करता है। एक अध्ययन के मुताबिक, नारियल के तेल से 10 मिनट तक कुल्ला करने से ये बैक्टीरिया खत्म हो जाते हैं। इसके अलावा अगर मसूड़े की सूजन से पीड़ित लोग नियमित रूप से नारियल के तेल से गरारे करें तो उन्हें भी इससे काफी लाभ होता है।

#5

हाइड्रेशन के लिए नारियल पानी

नारियल का पानी एक ऐसा प्राकृतिक पेय है, जिसका सेवन शरीर को हाइड्रेटेड रखने में मदद करता है। यह एंटी-ऑक्सीडेंट और इलेक्ट्रोलाइट्स से भरपूर होता है, जो शरीर में पानी की कमी को पूरा करते हैं। इससे आप तुरंत ऊर्जावान महसूस कर पाते हैं। इसमें कैलोरी कम और पोषक तत्वों की मात्रा बहुत होती है, इसलिए यह गर्मी को प्रभावी ढंग से कम करता है और वजन घटाने की प्रक्रिया को भी तेज करता है।