
प्रधानमंत्री ने किया अमृत भारत स्टेशनों का शुभारंभ; ये क्यों खास, आम स्टेशनों से कितने अलग?
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (22 मई) को राजस्थान के बीकानेर से 103 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया है। ये स्टेशन 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 68 जिलों में फैले हुए हैं।
इन सभी को पुनर्विकसित करने में करीब 1,100 करोड़ रुपये का खर्च आया है। यह अमृत भारत स्टेशन योजना का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य रेलवे के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं को बढ़ावा देना है।
आइए अमृत भारत स्टेशनों के बारे में जानते हैं।
जगह
कहां-कहां मिली अमृत स्टेशनों की सौगात?
आज जिन स्टेशनों का शुभारंभ हुआ है, वो आंध्र प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पुडुचेरी, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में स्थित हैं।
इनमें सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश में 19, गुजरात में 18, महाराष्ट्र में 16, राजस्थान में 8, तमिलनाडु में 9, मध्य प्रदेश में 6, छत्तीसढ़ और कर्नाटक में 5-5, और तेलंगाना और पश्चिम बंगाल में तीन-3 स्टेशन शामिल हैं।
स्टेशन
क्या है अमृत भारत स्टेशन?
अमृत भारत स्टेशन योजना की शुरुआत अगस्त, 2023 में की गई थी।
इसके तहत देश के 1,309 छोटे-बड़े रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जाना है, जिसमें अनुमानित 24,470 करोड़ रुपये का खर्च आना है। कई चरणों में ये योजना पूरी की जा रही है।
इसका मुख्य उद्देश्य देशभर के स्टेशनों को स्वच्छ, आरामदेह, आधुनिक और इस्तेमाल के लिए आसान बनाना है।
इन स्टेशनों का पुनर्विकास स्थानीय संस्कृति, विरासत और स्थापत्य का ध्यान रखते हुए किया जाएगा।
सुविधाएं
अमृत भारत स्टेशनों पर यात्रियों को क्या सुविधाएं मिलेंगी?
अमृत भारत स्टेशनों पर यात्रियों को लिफ्ट, एस्केलेटर, मुफ्त वाई-फाई, डिजिटल बोर्ड, आरामदायक प्रतीक्षा घर, साफ सुथरे शौचालय, फूड कोर्ट और बच्चों के खेलने के लिए जगह जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
इन स्टेशनों पर आकर्षक और सुंदर प्रवेश और निकास द्वार भी बनाए गए हैं।
इन स्टेशनों पर 'एक स्टेशन एक प्रोडक्ट' योजना के तहत स्थानीय चीजों को बेचा जाएगा।
इन्हें पर्यावरण और दिव्यांग लोगों के अनुकूल बनाया जाएगा, जिससे दिव्यांग लोगों को किसी तरह की परेशान न हो।
संस्कृति
हर स्टेशन पर दिखाई देगी भारतीय संस्कृति की झलक
अमृत भारत स्टेशन योजना में तैयार किए गए स्टेशनों का डिजाइन राज्य की संस्कृति, विरासत और वास्तुकला से प्रेरित होगा।
अहमदाबाद स्टेशन मोढेरा सूर्य मंदिर से प्रेरित है, जबकि द्वारका स्टेशन पर द्वारकाधीश मंदिर की झलक दिख रही है।
इसी तरह गुरुग्राम स्टेशन पर IT थीम नजर आएगी और ओडिशा के बालेश्वर स्टेशन को भगवान जगन्नाथ मंदिर की थीम पर डिजाइन किया गया है।
तमिलनाडु के कुंभकोणम स्टेशन पर चोल वास्तुकला दिखाई देगी।
पहला चरण
पहले चरण में 507 स्टेशनों को होगा कायाकल्प
पहले चरण में देश के सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के 507 स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है।
इनमें उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 55, बिहार में 49, महाराष्ट्र में 44, पश्चिम बंगाल में 37, मध्य प्रदेश में 34, असम में 32, ओडिशा में 25, पंजाब में 22, गुजरात और तेलंगाना में 21-21, झारखंड में 20, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में 18, हरियाणा में 15 और कर्नाटक में 13 स्टेशन शामिल हैं।