LOADING...
कई राज्यों में आज पड़ेगी भीषण गर्मी, इन राज्यों के लिए बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट जारी 
देश में आज कहीं भीषण गर्मी तो कहीं बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है

कई राज्यों में आज पड़ेगी भीषण गर्मी, इन राज्यों के लिए बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट जारी 

Apr 27, 2025
09:26 am

क्या है खबर?

देश के अधिकांश राज्यों में भीषण गर्मी का दौर जारी है। हालांकि, कुछ स्थानों पर शनिवार को अंधड़ और बादल छाने से तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में तेज गर्मी और लू का प्रकोप रहेगा, जबकि पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश की संभावना है। 27-28 अप्रैल को पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में ओलावृष्टि हो सकती है। दूसरी तरफ पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी की स्थिति बनी हुई है।

गिरावट 

इन राज्यों में राहत की उम्मीद 

उत्तर प्रदेश में आज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि होने से राहत मिलने की उम्मीद है। प्रदेश के 12 जिलों में ऑरेंज और 11 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री तक गिरावट आने का अनुमान जताया है। दूसरी तरफ राजस्थान में पारा 44 डिग्री के पार चला गया है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज प्रदेश के 16 जिलों में अंधड़ के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

ओलावृष्टि 

यहां आज गिरेंगे ओले

पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार और पूर्वी भारत के इलाकों में बारिश और आंधी-तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कई जगहों पर ओले गिरने के भी आसार बने हुए हैं। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर और त्रिपुरा में तेज बारिश और तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। उत्तरी कर्नाटक के आंतरिक इलाकों में ओले गिरने की संभावना बनी हुई है। झारखंड में 29 अप्रैल तक बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है।

बर्फबारी 

पहाड़ों पर होगी बर्फबारी 

पहाड़ी राज्यों के मौसम की बात करें ताे आज हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। शिमला, मनाली और लाहौल-स्पीति में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के पहाड़ों पर हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात संभव है। इस दौरान कुछ जगह तेज हवाएं चलने के साथ बिजली गिरने की भी संभावना बनी हुई है।

भीषण गर्मी 

दिल्ली में रहेगा भीषण गर्मी का प्रकोप

दिल्ली समेत आस-पास के इलाकों में आज (27 अप्रैल) को भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। इस दौरान बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है। इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 41-42 डिग्री और न्यूनतम 22-24 डिग्री के बीच रह सकता है। कुछ समय के लिए 30 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। शनिवार को धूलभरी हवा चलने के साथ अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री रिकार्ड हुआ, जो मौसम का सबसे गर्म दिन रहा।