Page Loader
दिल्ली से उत्तर प्रदेश तक छाई कोहरे की चादर, बारिश काे लेकर जारी हुआ अलर्ट 
देश के कई इलाकों में आज कोहरा छाने के साथ बारिश होने की संभावना है

दिल्ली से उत्तर प्रदेश तक छाई कोहरे की चादर, बारिश काे लेकर जारी हुआ अलर्ट 

Jan 05, 2025
09:00 am

क्या है खबर?

पूरा उत्तर भारत इस समय कोहरे और शीतलहर की चपेट में है। एक तरफ पहाड़ों की बर्फबारी हो रही है तो दूसरी तरफ पछुआ हवाएं मैदानी हिस्सों में गलन बढ़ा रही है। अगले 24 घंटों में पहाड़ी राज्यों के अलावा दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार के साथ दक्षिण भारत में बारिश की संभावना जताई गई है। कई राज्यों में कोहरे के चलते रेल और हवाई सेवाएं प्रभावित हो रही है, वहीं सड़कों पर गाड़ियां रेंग रही हैं।

बर्फबारी 

पहाड़ों में पड़ेगी सर्दी की दोहरी मार  

जम्मू-कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और लद्दाख में आज और कल बारिश और बर्फबारी के साथ कुछ इलाकों में भारी बर्फबारी की संभावना है। कश्मीर घाटी के कुछ हिस्सों में रविवार को घना कोहरा छाये रहने का अलर्ट है, जिससे श्रीनगर हवाई अड्डे पर उड़ानों का परिचालन प्रभावित हो सकता है। शनिवार को भी यहां ऐसा ही मौसम रहा था। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 5 और 6 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी संभावना है।

राजधानी 

राजधानी में आज कैसा रहेगा मौसम? 

दिल्ली में आज सुबह घना कोहरा छाया हुआ है। इसके चलते ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं और उड़ानों का मार्ग परिवर्तित करना पड़ रहा है। इस दौरान वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 380 के आसपास रहने की संभावना है। राजधानी में आज और कल बादल छाए रहेंगे, जिससे बारिश होने की संभावना है। इसके साथ आज अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री रहने के आसार हैं। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आ सकती है।

असर 

कोहरे के कारण हवाई और रेल सेवा हुई प्रभावित 

राजधानी दिल्ली में रविवार को घने कोहरे के कारण कई इलाकों में दृश्यता शून्य हो गई। इससे उड़ान और ट्रेन परिचालन बाधित हो गया। इससे पहले शनिवार को इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्‌डे पर घने कोहरे के कारण 19 उड़ानों में बदलाव किया गया, कई रद्द की गईं और 400 से अधिक उड़ानों में देरी हुई। दूसरी तरफ हावड़ा-नई दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस, महाबोधि एक्सप्रेस, लखनऊ मेल और काठगोदाम एक्सप्रेस सहित 60 से अधिक ट्रेनें देरी से पहुंची।

ट्विटर पोस्ट

कोहरे के कारण ट्रेनों का संचालन हुआ प्रभावित  

महाकुंभ 

महाकुंभ में आज ऐसा रहेगा मौसम 

उत्तर प्रदेश शीतलहर की चपेट में है और कोहरे के कारण कई जगह विजिबिलिटी घटकर 50-100 मीटर रह गई है। ग्रामीण इलाकों में गलन से लोगों का हाल-बेहाल है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दूसरी तरफ कड़ाके की ठंड के बीच प्रदेश में महाकुंभ का आयोजन हो रहा है, लेकिन श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं है। कुंभ में न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री और अधिकतम 22 डिग्री रहने का अनुमान है।

मकर संक्रांति 

मकर संक्रांति पर इस राज्य में बरसेगी आफत 

राजस्थान में एक-दो दिनों से तापमान में बढ़ोतरी के चलते ठंड से थोड़ी राहत मिली थी। आज कोहरे के कारण मौसम फिर बिगड़ गया है। इस दौरान बीकानेर संभाग के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में इस बार मकर संक्रांति पर बारिश हो सकती है। 10-16 जनवरी तक ज्यादातर हिस्सों में सामान्य से अधिक बरसात होने की चेतावनी जारी की गई है।