Page Loader
मानसून की दस्तक के साथ महाराष्ट्र में झमाझम बारिश, इन राज्यों में आज का अलर्ट 
देश के कई राज्यों में आज भारी बारिश होने की संभावना है (तस्वीर: फ्रीपिक)

मानसून की दस्तक के साथ महाराष्ट्र में झमाझम बारिश, इन राज्यों में आज का अलर्ट 

May 26, 2025
09:29 am

क्या है खबर?

केरल में मानसून के प्रवेश के साथ ही कई राज्यों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। मुंबई में रविवार देर रात हुई झमाझम बारिश से जगह-जगह जलभराव हो गया। इस कारण सोमवार (26 मई) सुबह यातायात प्रभावित हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र के मुंबई समेत विभिन्न इलाकों 28 मई तक बारिश हाेने की संभावना जताई है। इसके अलावा उत्तर-पूर्वी राज्यों में 31 मई तक भारी बारिश होने के आसार बने हुए हैं।

परेशानी 

केरल में बरसी आफत की बारिश 

केरल में शनिवार (24 मई) को मानसून की दस्तक के साथ ही भारी बारिश देखने को मिल रही है। इस कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है और 5 जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। IMD ने असम, मेघालय, मणिपुर समेत आस-पास के राज्यों में 31 मई तक भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। इसके अलावा कोंकण और गोवा में भी 30 मई तक और कर्नाटक में 27 मई तक मूसलाधार बारिश हो सकती है।

जलभराव 

सड़क पर तैरने लगी गाड़ियां 

IMD के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून रविवार (25 मई) को महाराष्ट्र पहुंच गया। 35 साल बाद राज्य में मानसून ने जल्दी दस्तक दी है। इससे पहले 1999 में 20 मई को पहुंचा था। प्रदेश में रविवार रात को भारी बारिश के कारण पुणे-सोलापुर हाइवे पर बाढ़ के हालात बन गए, जिससे कई गाड़ियां पानी में तैरती नजर आईं। मुंबई में भी सड़कों पर जगह-जगह पानी भर गया। मौसम विभाग ने यहां पूरे सप्ताह बारिश होने के संकेत दिए हैं।

ट्विटर पोस्ट

मुंबई में बारिश के बाद हुआ जलभराव 

राहत 

दिल्लीवासियों को मिली गर्मी से राहत 

दिल्ली समेत आस-पास के सटे इलाकों में शनिवार को हुई जबरदस्त बारिश और अंधड़ के बाद से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राजधानी में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है और गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। अगले 5 दिन ऐसा ही मौसम रहने के साथ अधिकतम तापमान 36-38 डिग्री और न्यूनतम 24-27 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।

लू 

यहां आज भी चलेगी लू

जहां देश के अधिकांश इलाकों में बारिश-अंधड़ से मौसम पलट गया है, वहीं राजस्थान के कई जिलों में अभी भी लू के हालात हैं। पिछले 2 दिनों से तेज हवा चलने और हल्की बूंदाबांदी होने से गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। नौतपा की शुरुआत रविवार को प्रदेश में बारिश और आंधी से हुई। इस दौरान झुंझुनूं और सीकर जिले में ओले भी पड़े। आज बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।

बारिश 

इन राज्यों में बारिश-अंधड़ का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में इन दिनों उमसभरा मौसम हो रहा है। आज प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में धूल भरी आंधी (40-50 किमी/घंटा) चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है। पूर्वी हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बिहार के 27 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में तेज हवा चलने के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। गुजरात में तेज गर्जन के साथ आंधी और बारिश का अलर्ट है।