Page Loader
पहाड़ों पर तबाही मचा रही भारी बारिश, जानिए आज कैसा रहेगा देश में मौसम 
कई राज्यों में इस सप्ताह बारिश का सिलसिला जारी रहेगा (तस्वीर: एक्स/@sidhshuk)

पहाड़ों पर तबाही मचा रही भारी बारिश, जानिए आज कैसा रहेगा देश में मौसम 

Jul 01, 2025
09:21 am

क्या है खबर?

मानसून पहाड़ी राज्यों में आफत का पैगाम लेकर आया है। कई इलाकों में भारी बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ता जा रहा है। हिमाचल प्रदेश में इन दिनों बारिश ऐसा ही तांड़व कर रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 1 जुलाई को उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें से कई राज्यों में 6 जुलाई तक झमाझम बारिश का पूर्वानुमान है।

तबाही 

हिमाचल प्रदेश में बादल फटे 

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश तबाही मचा रही है। मंडी में सोमवार रात बादल फटने से मकान और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इस दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोगों के लापता होने की जानकारी है और कई रास्ते अवरुद्ध हो गए। ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ने से लारजी और पंडोह बांध के गेट खोलने पड़े हैं। मौसम विभाग की 48 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी के चलते प्रशासन सतर्क हो गया है।

ट्विटर पोस्ट

हिमाचल प्रदेश में बढ़ा नदियों का जलस्तर 

बाढ़ 

ओडिशा में बाढ़ के हालात 

ओडिशा के कई इलाकों में बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं। भारी बारिश के कारण सुवर्णरेखा और बुधबलंग, जलाका और सोनो नदियां उफान पर हैं। जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, कुछ नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। IMD ने अगले 7 दिनों के दौरान कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों, गुजरात में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। साथ ही 2-3 जुलाई को पूर्वोत्तर राज्यों में जोरदार बारिश होने के आसार हैं।

बारिश 

इन राज्यों में पूरे सप्ताह रहेगा बारिश का जोर 

उत्तर प्रदेश में मंगलवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। प्रदेश के 22 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। 6 जुलाई तक दोनों पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में ऐसा ही मौसम रहेगा। इससे सटे बिहार के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। मानसून ने राजस्थान को कवर कर लिया है और यहां 1 से 3 जुलाई तक कहीं हल्की से मध्य और डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, झालावाड़, कोटा, सिरोही और भीलवाड़ा में भारी बारिश की संभावना है।

राहत 

दिल्ली में गर्मी से मिलेगी राहत 

भारी गर्मी से परेशान रहे दिल्ली वासियों के लिए राहत की खबर है। पूरे सप्ताह यहां बारिश होने से तापमान में गिरावट आएगी। IMD ने 1 जुलाई को बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश का अनुमान लगाया है। इस दौरान बिजली भी गिर सकती है, जिसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने को कहा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 27 डिग्री रहने की संभावना है। इससे सटे हरियाणा, चंडीगढ़ में 2-6 जुलाई के बीच बारिश होगी।