LOADING...
राजस्थान-दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में लू का कहर जारी, जानिए कब मिलेगी राहत 
दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है

राजस्थान-दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में लू का कहर जारी, जानिए कब मिलेगी राहत 

Jun 11, 2025
09:23 am

क्या है खबर?

पूरा उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है और इस सप्ताह कहीं भी राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे। देश की राजधानी में मंगलवार (10 जून) को सीजन का सबसे गर्म दिन रहा, जबकि राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, बिहार और मध्य प्रदेश में धरती आग उगल रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 11 जून को कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।

तापमान 

यहां पारा 47 डिग्री के पार

राजस्थान में दिनभर रहने वाली तपिश के कारण जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है और 10 जून को श्रीगंगानगर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 47.3 डिग्री दर्ज किया गया। 11 जून को भी इससे कोई राहत नहीं मिलने वाली है। राज्य के उत्तर और पश्चिमी इलाकों में लू का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि प्रदेश की राजधानी जयपुर में पारा 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। 14 जून तक इसमें कोई बदलाव होने की संभावना नहीं है।

राहत 

इन राज्यों में राहत की उम्मीद 

उत्तर प्रदेश में इन दिनों गर्मी कहर बरपा रही है। मंगलवार को सबसे ज्यादा तापमान झांसी में 45.2 डिग्री दर्ज किया गया। बुधवार को कुछ इलाकों में इससे राहत मिल सकती है। प्रदेश के 14 जिलों में हल्के बादल छाने की संभावना है, जबकि 17 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। बिहार के उत्तरी इलाकों में और मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं।

Advertisement

गर्मी 

दिल्ली में दिनों-दिन बढ़ रही गर्मी

दिल्ली NCR भीषण गर्मी की चपेट में है और मंगलवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा, जब अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक है। मौसम साफ रहने, तेज धूप और उमस के चलते हीट इंडेक्स 47.1 डिग्री पर पहुंच गया, जिससे लोगों को भयंकर गर्मी का अहसास हुआ। IMD के मुताबिक, बुधवार को अधिकतम तापमान 45 और न्यूनतम 29 डिग्री के आस-पास रहने की संभावना है। इस दौरान लू के थपेड़े झुलसाएंगे।

Advertisement

बारिश 

इन राज्यों में जमकर बरसेंगे मेघ

केरल में मानसून की बारिश गुरुवार (12 जून) से फिर से जोर पकड़ सकती है। प्रदेश के कई जिलों में शनिवार तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही 11 से 14 जून के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। IMD के अनुसार, अगले 7 दिनों के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।

Advertisement