
दिल्ली में दिसंबर की बारिश ने 101 साल का रिकॉर्ड तोड़ा, आगे कैसा रहेगा मौसम?
क्या है खबर?
दिल्ली में ठंड के बीच मौसम ने अचानक अपना मिजाज बदल लिया है। अचानक हुई बारिश ने दिल्ली में 101 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
राजधानी में 27 दिसंबर की सुबह 8:30 बजे से 28 दिसंबर सुबह 8:30 बजे के बीच यानी 24 घंटे में 41.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। यह बीते 101 सालों में दिसंबर माह में एक दिन में सर्वाधिक बारिश का रिकॉर्ड है।
इससे दिल्लीवासियों को प्रदूषण से राहत मिली है।
बारिश
दिसंबर में बारिश ने तोड़े कई रिकॉर्ड
राजधानी में 27 दिसंबर रात 12 बजे से आज (28 दिसंबर) सुबह 8:30 बजे के बीच 5.8 मिलीमीटर बारिश हुई। इससे पहले 1923 में 3 दिसंबर को एक दिन में सबसे अधिक 75.7 मिलीमीटर बारिश हुई थी।
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, इस साल 1901 के बाद से दिसंबर माह में एक दिन में दूसरी सर्वाधिक बारिश दर्ज की गई।
दिल्ली में दिसंबर में अब तक 53.8 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है।
वजह
क्यों हो रही है असामान्य बारिश?
इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए एक IMD वैज्ञानिक ने कहा, "सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और पूर्व में एक चक्रवाती परिसंचरण के बीच परस्पर क्रिया और कुछ अन्य कारकों के कारण बारिश हुई है। नवंबर और दिसंबर दिल्ली में 2 सबसे शुष्क महीने हैं। इस दौरान आमतौर पर एक पश्चिमी विक्षोभ होता है, जो बारिश लाता है। यह विभिन्न मौसम प्रणालियों का टकराव है, जो भारी बारिश का कारण बना है।"
AQI
बारिश से AQI सुधरा, प्रतिबंध हटे
बारिश के चलते दिल्ली का हवा साफ हुई है, जिसके चलते वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) भी कम हुआ है। 27 दिसंबर की शाम 24 घंटे का औसत AQI 324 दर्ज किया गया, जो आज सुबह गिरकर 152 पर आ गया।
ये मध्यम श्रेणी में आता है। इसके बाद ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तीसरे चरण की पाबंदियां हटा ली गई हैं।
हालांकि, अभी पहले और दूसरे चरण के प्रतिबंध लागू रहेंगे।
मौसम
आगे कैसा रहेगा मौसम?
IMD के अनुसार, 29 दिसंबर को आसमान साफ होने के बाद कोहरा बढ़ सकता है। 30 दिसंबर को कुछ जगहों पर मध्यम तो कुछ जगहों पर घना कोहरा छाया रह सकता है।
रुक-रुक कर बारिश के साथ सामान्य रूप से बादल छाए रहने का भी अनुमान लगाया गया है।
आज दिल्ली में न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बादल छंटने के बाद सर्दी बढ़ने की संभावना है।