Page Loader
चक्रवात दाना का असर कमजोर पड़ने से मिली राहत, जानिए आज कैसा रहेगा मौसम 
चक्रवात दाना का असर कमजोर पड़ गया है (तस्वीर: अनस्प्लैश)

चक्रवात दाना का असर कमजोर पड़ने से मिली राहत, जानिए आज कैसा रहेगा मौसम 

Oct 27, 2024
08:56 am

क्या है खबर?

चक्रवाती तूफान दाना का प्रभाव कमजोर पड़ने से जिन इलाकों में भारी बारिश हो रही थी, वहां के हालात अब सुधरने लगे हैं। पश्चिम बंगाल, ओडिशा, केरल, झारखंड सहित अन्य राज्यों में बारिश का जोर कमजाेर पड़ने से जलभराव कम हुआ है। आज भी मौसम विभाग ने ओडिशा, बंगाल, झारखंड में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है, जबकि केरल में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। उत्तर प्रदेश और बिहार में हल्की बारिश हो सकती है।

दिल्ली 

दिल्ली में कैसा रहेगा आज मौसम?

दिल्ली में दिन में धूप भी निकल रही और सुबह-शाम हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। शनिवार को दिन का तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 33 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने रविवार को आसमान साफ रहने का अनुमान जताया और अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 33 डिग्री और 19 डिग्री रहने की उम्मीद जताई। राजधानी में हवा की गुणवत्ता खराब स्थिति में है। ऐसे में लोगों को प्रदूषित हवा में सांस लेने को मजबूर होना पड़ रहा है।

पूर्वानुमान 

इन राज्यों में बारिश की नहीं संभावना 

देश के अन्य राज्यों में मौसम का हाल देखें तो उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के आस-पास पहुंच गया है, जिससे हल्की ठंड महसूस होने लगी है। बिहार में आज ज्यादातर इलाकों में आसमान साफ रहने का अनुमान है। दूसरी तरफ राजस्थान में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। दिन में धूप के कारण गर्मी रहती है, वहीं रात में हल्की ठंड महसूस होने लगी है।