LOADING...
प्रधानमंत्री मोदी ने की ज्ञान भारतम मिशन की शुरुआत, जानिए इसमें क्या किया जाएगा
प्रधानमंत्री मोदी ने ज्ञान भारतम मिशन की शुरुआत कर दी है

प्रधानमंत्री मोदी ने की ज्ञान भारतम मिशन की शुरुआत, जानिए इसमें क्या किया जाएगा

Jul 27, 2025
04:23 pm

क्या है खबर?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ज्ञान भारतम मिशन की शुरुआत की है, जिसका उद्देश्य पूरे भारत में प्राचीन पांडुलिपियों का डिजिटलीकरण करना है। यह घोषणा उन्होंने 'मन की बात' कार्यक्रम के दौरान की। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने कार्यक्रम के 124वें एपिसोड में कहा, "हमारे प्राचीन ज्ञान के विस्तार के विचार से प्रेरित होकर भारत सरकार ने इस वर्ष के बजट में एक ऐतिहासिक पहल 'ज्ञान भारतम मिशन' की घोषणा की थी। अब इसकी शुरुआत की जा रही है।"

लक्ष्य

1 करोड़ से अधिक पांडुलिपियों को किया जाएगा डिजिटल

ज्ञान भारतम मिशन का उद्देश्य पूरे भारत में एक करोड़ से ज्यादा पांडुलिपियों का डिजिटलीकरण, संरक्षण और उन तक अधिक से अधिक लोगों की पहुंच बनाना है। इस पहल की घोषणा इस साल के केंद्रीय बजट में पहली बार की गई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने जोर देकर कहा कि ये सिर्फ पांडुलिपियां नहीं, बल्कि भारत की आत्मा के अध्याय हैं।" उन्होंने सभी से आने वाली पीढ़ियों के लिए इस पहल का भरपूर लाभ उठाने की अपील की।

बजट

ज्ञान भारतम मिशन का बजट बढ़ाकर 60 करोड़ रुपये किया

ज्ञान भारतम मिशन भारत की बौद्धिक विरासत की रक्षा और ज्ञान संरक्षण हेतु एक व्यवस्थित ढांचा तैयार करने का एक राष्ट्रीय प्रयास है। केंद्र सरकार ने बजट 2025 में इस पहल के लिए 3.5 करोड़ का बजट आवंटित किया था, जिसे अब बढ़ाकर 60 करोड़ रुपये किया गया है। यह मिशन ऐसे समय में शुरू किया गया है जब भारत पांडुलिपियों पर ध्यान केंद्रित करके सभ्यतागत आख्यानों, भाषा पुनरुद्धार और विरासत के बुनियादी ढांचे में निवेश कर रहा है।