Page Loader
मुंबई: शादियों के पंजीकरण की सेवा पर लगी अस्थायी रोक, कोरोना के चलते लिया फैसला
मुंबई में शादियों के पंजीकरण की सेवा पर लगी अस्थायी रोक

मुंबई: शादियों के पंजीकरण की सेवा पर लगी अस्थायी रोक, कोरोना के चलते लिया फैसला

Jan 17, 2022
02:52 pm

क्या है खबर?

कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने शादियों के पंजीकरण की सेवा को थोड़े समय के लिए बंद कर दिया है। BMC की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि मुंबई में कोरोना की स्थिति को देखते यह सेवा अस्थायी तौर पर रोकी जा रही है। अपॉइंटमेंट, तारीख और समय की सुविधा के साथ जल्द ही इस सेवा को दोबारा शुरू किया जाएगा। आइये, पूरी खबर जानते हैं।

जानकारी

वीडियो KYC पर विचार कर रही BMC

BMC के बयान में कहा गया है कि वह वीडियो KYC (नो योर कस्टमर) प्रावधान पर भी विचार कर रही है। बता दें कि मुंबई में बीते कई दिनों से कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए कुछ प्रतिबंध लगाए गए हैं।

मुंबई

नए मामलों में आ रही गिरावट

रविवार को मुंबई में कोरोना के 7,895 मामले दर्ज हुए और 11 लोगों की मौत हुई। इसी के साथ यहां कुल संक्रमितों की संख्या 9,99,862 हो गई है। इनमें 60,371 सक्रिय मामले हैं, 9,20,383 लोग महामारी को हराकर ठीक हो चुके हैं और 16,257 लोगों की मौत हुई है। राहत की बात यह है कि बीते सप्ताह से यहां नए मामलों की संख्या में कमी देखने को मिल रही है और संक्रमण दर भी कम हुई है।

कोरोना वायरस

महाराष्ट्र में संक्रमण की क्या स्थिति?

अगर पूरे महाराष्ट्र की बात करें तो बीते दिन बीते दिन 41,327 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 29 मरीजों की मौत हुई। यहां अब तक कुल 72,11,810 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है और 1,41,808 लोगों को इस खतरनाक वेरिएंट से संक्रमित पाया गया है। रविवार को यहां आठ मरीजों में ओमिक्रॉन वेरिएंट की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद नए वेरिएंट से संक्रमितों की संख्या 1,738 हो गई है।

कोरोना की तीसरी लहर

देश में तेजी से बढ़ रहे नए मामले

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 2,58,089 नए मामले सामने आए और 385 मरीजों की मौत दर्ज हुई। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,73,80,253 हो गई है। इनमें से 4,86,451 लोगों की मौत हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 16,56,341 हो गई है। ओमिक्रॉन वेरिएंट के कारण मामलों में यह उछाल देखने को मिल रहा है। देश में आधिकारिक तौर पर ओमिक्रॉन के 8,209 मामले सामने आ चुके हैं।