LOADING...
क्या मुंबई में कमजोर पड़ने लगी है कोरोना की तीसरी लहर? संकेत दे रहे आंकड़े
क्या मुंबई में कमजोर पड़ने लगी है कोरोना की तीसरी लहर?

क्या मुंबई में कमजोर पड़ने लगी है कोरोना की तीसरी लहर? संकेत दे रहे आंकड़े

Jan 12, 2022
12:00 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में कोरोना वायरस महामारी की तीसरी लहर कमजोर पड़ती हुई नजर आ रही है और दैनिक मामलों का कर्व फ्लैट होता हुआ प्रतीत हो रहा है। शहर में पिछले चार दिन से दैनिक मामलों में गिरावट दर्ज की जा रही है और मंगलवार को यहां दैनिक मामलों में 14.66 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। इसके अलावा टेस्ट पॉजिटिविटी रेट में भी गिरावट आई है। इसे एक अच्छे संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

आंकड़े

मुंबई में सामने आए 11,647 नए मामले

अधिक संक्रामक ओमिक्रॉन वेरिएंट के कारण आई तीसरी लहर का देश में सबसे पहले सामना करने वाली मुंबई में मंगलवार को 11,647 नए मामले सामने आए। ये सोमवार को सामने आए 13,648 नए मामलों के मुकाबले 14.66 प्रतिशत कम रहे। मामलों में ये गिरावट टेस्ट्स की संख्या में वृद्धि के बावजूद देखी गई। जहां सोमवार को कम टेस्ट के कारण कम मामले सामने आए, वहीं मंगलवार को टेस्ट बढ़ने के बावजूद भी मामले कम हुए हैं।

जानकारी

24 घंटे के अंदर 23 प्रतिशत से 18 प्रतिशत हुई टेस्ट पॉजिटिविटी रेट

टेस्ट बढ़ने के बावजूद मामले गिरने के कारण मुंबई में टेस्ट पॉजिटिविटी रेट में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को शहर की पॉजिटिविटी रेट 18 प्रतिशत रही, जो एक दिन पहले 23 प्रतिशत थी।

Advertisement

लगातार गिरावट

7 जनवरी को मुंबई में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे थे दैनिक मामले

मुंबई में दैनिक मामलों में गिरावट का ये सिलसिला पिछले चार दिन से चल रहा है। 7 जनवरी को शहर में अब तक के सबसे अधिक 20,971 नए मामले सामने आए थे और इसके बाद से ही मामले लगातार गिर रहे हैं। 8 जनवरी को शहर में 20,318, 9 जनवरी को 19,474 और 10 जनवरी को 13,648 नए मामले सामने आए। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के अनुसार, शहर में तीसरी लहर के दौरान 22 दिन में 46 मौतें हुईं।

Advertisement

अनुमान

दो से तीन गुना अधिक हो सकते हैं वास्तविक मामले- अधिकारी

मामलों में इस गिरावट के बीच मुंबई के एक अधिकारी ने कहा है कि शहर में वास्तविक नए मामले आधिकारिक मामलों से दो से तीन गुना अधिक हो सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, शहर में होम टेस्ट किट का काफी इस्तेमाल हो रहा है और इसी कारण दैनिक मामले शहर की असल स्थिति नहीं दर्शा रहे हैं। शहर में पिछले कुछ दिनों में अस्पतालों में भर्ती होने वाले लोगों की संख्या बढ़ी है, लेकिन वेंटीलेटर पर कम लोग हैं।

महाराष्ट्र

पूरे महाराष्ट्र में क्या है महामारी की स्थिति?

पूरे महाराष्ट्र की बात करें तो यहां भी दैनिक मामलों में गिरावट आई है, लेकिन अभी तीसरी लहर को लेकर कुछ ठोस नहीं कहा जा सकता है। राज्य में दो दिन पहले 44,000 से अधिक दैनिक मामले सामने आए थे जो अब गिरकर 34,424 पर आ गए हैं। राज्य में अब तक कुल 69,87,938 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और1,41,669 लोगों की मौत हुई है। मामलों को रोकने के लिए यहां नाइट कर्फ्यू जैसी पाबंदियां लगी हुई हैं।

Advertisement