LOADING...
'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद पाकिस्तान को संदेश? इस बार नौसेना दिवस अरब सागर में मनाया जाएगा 
भारतीय नौसेना दिवस 4 दिसंबर को अरब सागर में मनाने की योजना है

'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद पाकिस्तान को संदेश? इस बार नौसेना दिवस अरब सागर में मनाया जाएगा 

लेखन गजेंद्र
Jul 25, 2025
01:37 pm

क्या है खबर?

भारतीय नौसेना ने फैसला लिया है कि इस बार वह अपना नौसेना दिवस 2025 केरल के तिरुवनन्तपुरम में मनाएगी। नौसेना दिवस का मुख्य आकर्षण भारत की सुरक्षा के लिए अति महत्वपूर्ण रणनीतिक समुद्री क्षेत्र अरब सागर होगा, जो पाकिस्तान को अप्रत्यक्ष रूप से कड़ा संदेश देगा। इंडिया टुडे ने रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि सरकार की विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजनों को मनाने की पहल के अनुरूप, काफी विचार-विमर्श के बाद अरब सागर को चुना गया है।

आयोजन

नौसेना दिवस पर क्या-क्या होगा आयोजन?

नौसेना दिवस समारोह में परंपरागत रूप से नौसेना की क्षमताओं का प्रदर्शन होता है, जिसमें कई आकर्षक गतिविधियां शामिल होती हैं। इसमें नौसेना के जहाजों, पनडुब्बियों और विमानों के साथ संचालन होता है, जो उनकी उन्नत क्षमताओं का रोमांचक प्रदर्शन करते हैं। लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों के अलावा नौसेना के विमानों द्वारा फ्लाई-पास्ट नौसेना की सटीकता और पराक्रम को दिखाते हैं। इस कार्यक्रम में आम जनता, विशेषकर स्कूली बच्चों को भी शामिल होने का मौका मिलेगा।

संदेश

इस बार अरब सागर क्यों?

पिछले साल नौसेना दिवस बंगाल की खाड़ी में पुरी के तट पर आयोजित किया गया था। इस बार इसे अरब सागर में मनाने का फैसला कुछ जरूरी कारणों की ओर संकेत देता है। दरअसल, भारत-पाकिस्तान तनाव के समय 'ऑपरेशन सिंदूर' में नौसेना अरब सागर पर पूरी तरह तैयार थी और कराची समेत समुद्र और जमीन पर चुनिंदा ठिकानों पर हमले करने में सक्षम थी। तब नौसेना ने निरंतर निगरानी और समुद्री प्रभुत्व बनाए रखा था, जिससे पाकिस्तान डरा हुआ था।

जानकारी

क्यों मनाया जाता है भारतीय नौसेना दिवस?

भारतीय नौसेना दिवस प्रतिवर्ष 4 दिसंबर को 'ऑपरेशन ट्राइडेंट' की याद में मनाया जाता है, जो 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के समय नौसैनिक अभियान और जीत को समर्पित है। इसमें नौसेना की मिसाइल नौकाओं ने कराची बंदरगाह को भारी नुकसान पहुंचाकर अपना लोहा मनवाया था।