
देश में कोरोना वायरस के मामले 2,700 पार, 24 घंटे में 7 लोगों की मौत
क्या है खबर?
देश भर में कोरोना वायरस के नए मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। अब सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 2,710 हो गई है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, केरल सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां सक्रिय मामलों की संख्या 1,147 हो गई है। सक्रिय मामलों के लिहाज से महाराष्ट्र दूसरे नंबर पर है। यहां 424 मामले हैं।
वहीं, बीते 24 घंटे में 7 लोगों की मौत हो गई है।
मौतें
दिल्ली में नए वेरिएंट से पहली मौत
पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में 2 मौतें हुई हैं, जबकि दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक, पंजाब और तमिलनाडु में एक-एक मौत दर्ज की गई है।
दिल्ली में नए वेरिएंट से पहली मौत की सूचना मिली है। यहां 60 साल की महिला का निधन हो गया है।
वहीं, कोरोना से अब तक कुल 16 लोगों की जान चली गई है। कर्नाटक में 3 जबकि महाराष्ट्र, केरल, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में 13 मरीजों की मौत हो चुकी है।
24 घंटों के आंकड़े
बीते 24 घंटे के कोरोना वायरस से संबंधित आंकड़ें जानिए
पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 511 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 255 लोग स्वस्थ हुए हैं, जबकि 7 लोगों की मौत हो गई है।
बीते दिन केरल में 227, पश्चिम बंगाल में 59, दिल्ली में 56, गुजरात में 33, तमिलनाडु में 27, कर्नाटक में 22, महाराष्ट्र में 40 और राजस्थान में 15 नए मामले दर्ज किए गए हैं।
इस साल जनवरी से अब तक 1,170 लोग कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके हैं।
वेरिएंट
बढ़ते मामलों के पीछे ये वेरिएंट है जिम्मेदार
कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के पीछे ओमिक्रॉन के 2 नए सब-वेरिएंट- LF.7 और NB.1.8.1 को जिम्मेदार माना जा रहा है। हालांकि JN.1 अभी भी प्रमुख स्ट्रेन बना हुआ है।
जानकारों का कहना है कि नए वेरिएंट में कुछ हद तक प्रतिरक्षा से बचने की क्षमता हो सकती है, लेकिन इसके सबूत नहीं है कि ये दीर्घकालिक गंभीर संक्रमण का कारण बन सकते हैं।
इसके लक्षणों में बुखार, नाक बहना, गले में खराश, सिरदर्द और थकान शामिल हैं।
मिजोरम
मिजोरम में 7 महीने बाद मिला पहला मामला
मिजोरम में 2 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। राज्य में 7 महीने बाद कोरोना वायरस के मामले सामने आए हैं।
मिजोरम में कोरोना का आखिरी मामला अक्टूबर, 2024 में सामने आया था, उस दौरान राज्य में 73 लोग वायरस से संक्रमित हुए थे।
बढ़ते मामलों के बीच कई राज्यों ने अस्पतालों को बेड, ऑक्सीजन सिलेंडर, टेस्टिंग किट और वैक्सीन की उपलब्धता बनाए रखने का निर्देश दिया है।