LOADING...
यश दयाल की मुश्किलें बढ़ी, अब जयपुर में दर्ज हुआ नाबालिग के यौन उत्पीड़न का मामला
यश दयाल के खिलाफ जयपुर में दर्ज हुआ यौन उत्पीड़न का मामला (तस्वीर: एक्स/@IPL)

यश दयाल की मुश्किलें बढ़ी, अब जयपुर में दर्ज हुआ नाबालिग के यौन उत्पीड़न का मामला

Jul 25, 2025
01:02 pm

क्या है खबर?

भारतीय तेज गेंदबाज यश दयाल की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। गाजियाबाद में यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज होने के बाद अब जयपुर में भी दयाल के खिलाफ नाबालिग से यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज हुआ है। पीड़िता ने जयपुर के सांगानेर थाने में दयाल के खिलाफ क्रिकेट में करियर बनाने का झांसा देकर 2 साल तक यौन उत्पीड़न करने समेत यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया है।

आरोप

पीड़िता ने क्या लगाए हैं आरोप?

सांगानेर थानाप्रभारी ने बताया कि पीड़िता ने FIR में दावा किया है कि वह दयाल से पहली बार साल 2023 में महज 17 साल की उम्र में जयपुर में संपर्क में आई थी। उस दौरान दयाल ने उसे क्रिकेट करियर में मदद के बहाने सीतापुरा स्थित होटल में बुलाया और यौन उत्पीड़न किया। पीड़िता का आरोप है कि यह सिलसिला 2 साल तक चलता रहा, जिसके बाद पुलिस ने दयाल के खिलाफ POCSO एक्ट में मामला दर्ज किया है।

जानकारी

दयाल ने अप्रैल 2025 में आखिरी बार किया था यौन उत्पीड़न

थानाप्रभारी ने बताया कि युवती का आरोप है कि दयाल ने आखिरी बार अप्रैल 2025 में जयपुर में ही उसका यौन उत्पीड़न किया था। उस दौरान दयाल IPL मैच खेलने के लिए जयपुर आए थे। हालांकि, उन्होंने क्रिकेट करियर में कोई मदद नहीं की।

अन्य मामला

दयाल के खिलाफ गाजियाबाद में भी दर्ज है ऐसा ही मामला

पिछले महीने गाजियाबाद की एक महिला द्वारा यौन उत्पीड़न और शोषण का आरोप लगाने के बाद दयाल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल (IGRS) के माध्यम से दर्ज की गई शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद इंदिरापुरम थाने में FIR दर्ज की गई थी। महिला का आरोप है कि वह दयाल के साथ 5 साल तक रिश्ते में रही। उस दौरान उसने शादी का झूठा वादा करके उसका मानसिक, शारीरिक और आर्थिक शोषण किया।

प्रतिक्रिया

मामले में क्या दी है दयाल ने प्रतिक्रिया?

गाजियाबाद के मामले में दयाल ने प्रयागराज के एक पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए दावा किया कि आरोप लगाने वाली महिला उन्हें ब्लैकमेल करने की कोशिश कर रही है। उनका रिश्ता इंस्टाग्राम पर शुरू हुआ और बाद में वह शादी का दबाव बनाने लग गई। इस मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने FIR को चुनौती देने वाली दयाल की याचिका पर सुनवाई करते हुए अगली सुनवाई तक दयाल की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है।