कोरोना वायरस: देश में बीते दिन सामने आए 10,064 मामले, आठ महीनों में सबसे कम
क्या है खबर?
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 10,064 नए मामले सामने आए और 137 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा।
देश में जून के बाद पहली बार एक दिन में इतने कम मामले सामने आए हैं।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,05,81,837 हो गई है। इनमें से 1,52,556 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है।
सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 2,00,528 हो गई है।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
बीते दिन ठीक हुए 17,000 से ज्यादा मरीज
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 17,411 मरीज ठीक हुए।
इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 1,02,28,753 हो गई है। देश की रिकवरी 96.66 प्रतिशत हो गई है।
इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 7,09,791 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरूआत से अब तक देश में लगभग 18.78 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।
कोरोना वायरस
ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र में अब तक 19,92,683 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 50,473 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सबसे अधिक प्रभावित राज्य कर्नाटक में अब तक 9,32,432 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है, वहीं 12,175 लोगों की मौत हुई है।
8,86,066 मामलों और 7,141 मौतों के साथ आंध्र प्रदेश और 8,51,194 मामलों और 3,480 मौतों के साथ केरल अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
नए मामले
कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 1,924 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 35 मरीजों की मौत हुई। राज्य में स्थिति नियंत्रण में बनी हुई है और नए मामले कम हो रहे हैं।
इसी तरह आंध्र प्रदेश में 81 नए मामले सामने आए और एक मौत हुई। राज्य में बीते कुछ दिनों से रोजाना 300 से कम मामले आ रहे हैं।
वहीं कर्नाटक में 435 और केरल में 3,346 लोगों को संक्रमित पाया गया।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में 9.55 करोड़ लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 9.55 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 20.39 लाख की मौत हुई है।
सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 2.40 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 3.99 लाख लोगों की मौत हुई है। संक्रमितों की संख्या के मामले में केवल अमेरिका भारत से आगे है।
तीसरे नंबर पर काबिज ब्राजील में 85.11 लाख संक्रमितों में से लगभग 2.10 लाख से अधिक मरीजों की मौत हुई है।