Page Loader
कोरोना वायरस: देश में बीते दिन 41,810 नए मामले, दिल्ली में भी कम हो रहा संक्रमण

कोरोना वायरस: देश में बीते दिन 41,810 नए मामले, दिल्ली में भी कम हो रहा संक्रमण

Nov 29, 2020
09:34 am

क्या है खबर?

भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 41,810 नए मामले सामने आए और 496 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 93,92,919 हो गई है, वहीं 1,36,696 लोगों को इस खतरनाक वायरस के संक्रमण के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 4,53,956 हो गई है। देश में कल भी तीन दिन बाद सक्रिय मामलों में गिरावट आई थी।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

पिछले 24 घंटे में ठीक हुए 42,298 मरीज

ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो बीते दिन देशभर में कोरोना वायरस के 42,298 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 88,02,267 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 93.71 प्रतिशत है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 12,83,449 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरूआत से अब तक देश में लगभग 13.95 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।

राज्यों की स्थिति

ये हैं सबसे अधिक प्रभावित राज्य

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र में अब तक 18,14,515 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 46,986 लोगों की मौत हुई है। दूसरे सबसे अधिक प्रभावित राज्य कर्नाटक में अब तक 8,82,608 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है, वहीं 11,750 की मौत हुई है। 8,67,063 मामलों और 6,981 मौतों के साथ आंध्र प्रदेश और 7,79,046 मामलों और 11,694 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले

महाराष्ट्र में फिर लगभग 6,000 नए मामले

नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 5,965 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 75 मरीजों की मौत हुई। राज्य में बीते कई दिन से नए मामले 6,000 के आसपास बने हुए हैं, हालांकि मौतें कम बनी हुई हैं। आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 625 लोगों को संक्रमित पाया गया। राज्य में कल भी 1,000 से कम नए मामले आए थे। कर्नाटक में 1,522 और तमिलनाडु में 1,430 नए मामले सामने आए।

डाटा

दिल्ली में बीते दिन लगभग 5,000 नए मामले

देश की राजधानी दिल्ली में बीते दिन 4,998 नए मामले सामने आए और 89 मरीजों ने दम तोड़ा। इसी के साथ शहर में कुल संक्रमितों की संख्या 5,61,742 हो गई है, वहीं 8,998 मरीजों की मौत हुई है। टेस्ट पॉजिटिविटी रेट 7.24 प्रतिशत रही।

वैश्विक स्थिति

दुनियाभर में अब तक 6.21 करोड़ लोग संक्रमित

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 6.21 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 14.50 लाख की मौत हुई है। सबसे अधिक प्रभावित अमेरिका में 1.32 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और लगभग 2.66 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका एकमात्र ऐसा देश है जो भारत से अधिक प्रभावित है। तीसरे नंबर पर काबिज ब्राजील में 62.90 लाख संक्रमितों में से लगभग 1.73 लाख मरीजों की मौत हुई है।