LOADING...
UK से आने वाले यात्रियों के लिए नई SOP, अनिवार्य हुआ RT-PCR टेस्ट

UK से आने वाले यात्रियों के लिए नई SOP, अनिवार्य हुआ RT-PCR टेस्ट

Jan 02, 2021
01:33 pm

क्या है खबर?

भारत सरकार ने कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन के खतरे को देखते हुए 8 जनवरी से यूनाइटेड किंगडम (UK) से आने वाले यात्रियों के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी की है। इसके तहत यात्रियों को विमान में बैठने से पहले कोरोना वायरस टेस्ट की नेगेटिव रिपोर्ट दिखानी होगी। गौरतलब है कि लगभग दो सप्ताह से अधिक समय की पाबंदी के बाद भारत ने 8 जनवरी से UK से आने वाली उड़ानों को मंजूरी दे दी है।

कोरोना का नया स्ट्रेन

UK में पाया गया था कोरोना का नया स्ट्रेन

सितंबर में UK में कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन की पहचान हुई थी। इसकी वजह से यहां संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। यहां की सरकार का कहना है कि नया स्ट्रेन 70 फीसदी अधिक संक्रामक है। इसे देखते हुए अन्य देशों की तरह भारत सरकार ने भी 23 दिसंबर से UK से आने वाली उड़ानों पर रोक लगा दी थी। 8 जनवरी के बाद सरकार ने इस रोक को हटाने का फैसला किया है।

SOP

SOP में क्या कहा गया है?

एयरलाइन कंपनियों को UK से आने वाले यात्रियों को विमान में चढ़ने से पहले उनकी कोरोना वायरस टेस्ट की रिपोर्ट देखनी होगी। केवल नेगेटिव रिपोर्ट वाले यात्री ही उड़ान भर सकेंगे। इसके बाद भारत आने पर सभी यात्रियों के लिए अपने खर्च पर RT-PCR टेस्ट अनिवार्य करवाना होगा। सरकार ने कहा है कि अगर किसी यात्री की रिपोर्ट नेगेटिव आती है तो भी उसे 14 दिन के लिए खुद को क्वारंटीन करना होगा। अगले आदेश तक यह SOP जारी रहेगी।

SOP

अगर कोई यात्री संक्रमित मिलता है तो?

अगर UK से लौटे किसी यात्री की RT-PCR टेस्ट की रिपोर्ट पॉजीटिव आती है उसे इंस्टीट्यूशनल आइसोलेशन में भेजा जाएगा। नए स्ट्रेन की पहचान के लिए इनके सैंपल इंडियन SARS-CoV2 जिनोमिक्स कंसोर्टियम (INSACOG) लैब में भेजे जाएंगे। जब तक संक्रमित पाए गए लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव नहीं आती, उन्हें इंस्टीट्यूशनल क्वारंटीन रहना होगा। इसके अलावा UK से आने वाले सभी यात्रियों को अपनी यात्रा से कम से कम 72 घंटे पहले newdelhiairport.in पर सेल्फ डिक्लेरेशन फॉर्म भरना होगा।

फैसला

23 जनवरी तक हर सप्ताह 15 उड़ानें

नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शु्क्रवार को ट्वीट कर 8 जनवरी से UK से उड़ान सेवा बहाल करने की जानकारी दी थी। उन्होंने ट्वीट किया कि भारत-UK के बीच 8 जनवरी से उड़ान सेवा का फिर से संचालन शुरू करने का निर्णय किया गया है। 23 जनवरी तक प्रत्येक सप्ताह 15-15 उड़ानों के आने-जाने की इजाजत होगी। ये उड़ानें दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद से ही संचालित होंगी। इस संबंध में विस्तृत जानकारी जल्द ही जारी की जाएगी।

जानकारी

भारत में 29 लोग नए स्ट्रेन से संक्रमित

भारत में अब तक कोरोना के नए स्ट्रेन से संक्रमित पाए जाने वालों की संख्या 29 पहुंच चुकी है। शुक्रवार को चार लोगों ने इसकी पुष्टि हुई है। सभी लोगों को विशेष आइसोलेशन सेंटर में रखकर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।